गोरखपुर| दीन दयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह के दौरान कुल 85 मेधावी विद्यार्थियों को स्वर्ण पदक प्रदान किए गए। इस बार भी बाजी बेटियों ने मारी और कुल 65 फीसदी पदकों पर छात्राओं ने अपना कब्जा जमाया। इनमें से सिर्फ 25 मेधावियों को उत्तर प्रदेश की राज्यपाल एवं कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल के कर-कमलों द्वारा मेडल दिए गए, जबकि शेष मेधावियों को कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पद्मभूषण डॉ. विजय कुमार सारस्वत ने स्वर्ण पदक से सम्मानित किया।

पांच शिक्षकों को मिला एकेडमिक एक्सलेंस सम्मान

समारोह के दौरान विश्वविद्यालय के पांच उत्कृष्ट शिक्षकों को उनके बेहतरीन शैक्षणिक योगदान के लिए सम्मानित किया गया। कुलाधिपति द्वारा प्रो. अनुभूति दुबे, प्रो. दिव्या रानी सिंह, प्रो. शैल पांडेय, डॉ. अरविंद यादव और डॉ. विवेक कुमार को 'एकेडमिक एक्सलेंस' के तहत प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।