मुंशी प्रेमचंद के गांव से चुनाव का नया शिगूफा :

हाथ उठाओ, देश बचाओ !

  • डा. रजनीश श्रीवास्तव

मुंशी प्रेमचंद आज जीवित होते तो पंच परमेश्वर के बाद शायद एक नई कहानी लिखते। कहानी का शीर्षक होता - 'हाथों का हिसाब'।

कहानी के गांव में दो प्रत्याशी थे - जुम्मन और अलगू चौधरी। अलगू हर बार चुनाव जीत जाता और जुम्मन हर बार हार का नया कारण खोज लाता।

पहली बार जुम्मन ने हार का ठीकरा चुनाव के डिब्बे यानी ईवीएम पर फोड़ा। चौपाल में छाती पीटकर बोला - "भाइयो! यह डिब्बा नहीं, लोकतंत्र का डाकू है। अलगू ने बनिए से मिलकर इसमें भूत भर दिया है। हमारा वोट कहीं जाता है और निकलता कहीं और से है।"

गांव वालों ने समझाया—"तो फिर डिब्बा हटाओ, पुराने जमाने की तरह कागज की पर्ची से चुनाव करा लो।"

जुम्मन की बात मान ली गई। चुनाव हुआ। पर्चियां गिनी गईं। नतीजा वही—अलगू की जीत, जुम्मन की हार।

इस बार जुम्मन ने नई दलील पेश की—

"यह पर्ची भी बेईमान निकली! कागज बनाने वाली मिल अलगू के फूफा की है। स्याही में भी मिलावट है। अब बताइए, जब कागज ही बिक गया तो लोकतंत्र कैसे बचेगा?"

गांव के बूढ़े काका ने सिर खुजाते हुए पूछा—"बेटा जुम्मन, फिर चुनाव कैसे कराया जाए? डिब्बा भी बेकार, पर्ची भी बेकार।"

जुम्मन ने मूंछों पर ताव दिया। चेहरे पर ऐसा आत्मविश्वास था, मानो लोकतंत्र का कोई नया संविधान लिखने जा रहा हो।

"अबकी बार चुनाव चौपाल में होगा। सब लोग सामने खड़े होंगे। जिसे जिसे वोट देना हो, हाथ उठाकर बता देगा। न डिब्बा रहेगा, न पर्ची। सब कुछ खुला-खुला! यही असली लोकतंत्र है।"

प्रेमचंद होते तो शायद लिखते—


"जुम्मन की आंखों में हार का दुख नहीं था। उसे तो लोकतंत्र की चिंता खाए जा रही थी।"

अगले दिन चौपाल सज गई। होरी, धनिया, गोबर और गांव के तमाम लोग जमा हुए। मुनादी हुई—

"जिसे जुम्मन को जिताना है, हाथ उठाए!"

ग्यारह हाथ उठे। दस जुम्मन के घर के थे और ग्यारहवां खुद जुम्मन का।

फिर आवाज आई—"जिसे अलगू चौधरी को जिताना है, हाथ उठाए!"

पूरा गांव हाथ उठाकर खड़ा हो गया। अलगू की जीत फिर तय हो गई।

लेकिन जुम्मन कहां मानने वाला था! वह उछलकर खड़ा हुआ और चिल्लाया—

"देखा! यही तो धांधली है। इन सबको धमकाकर हाथ उठवाए गए हैं। ये हाथ अलगू की पार्टी ने खरीद लिए हैं। इनके हाथों में ईवीएम की चिप लगी है।"

काका ने पूछा—"बेटा, जब सबके सामने हाथ उठे हैं, तो चोरी कहां हुई?"

जुम्मन बोला—"काका, चोरी हाथ में नहीं, हाथ उठवाने में हुई है।"

काका ने माथा पीट लिया।

प्रेमचंद की कहानी 'पंच परमेश्वर' में जुम्मन शेख को अंततः समझ आ जाता है कि न्याय की कुर्सी पर बैठने वाला अपना-पराया नहीं देखता। लेकिन इस नई कहानी का जुम्मन कुछ अलग मिट्टी का बना है। उसे हर बार लगता है कि पंच बिक गया, पर्ची बिक गई, डिब्बा बिक गया और अब तो हाथ भी बिक गए।

बस, एक चीज नहीं बिकती—उसकी अपनी हार को स्वीकार करने की हिम्मत!

लोकतंत्र की आखिरी अर्जी

अब गांव के जुम्मन को चुनाव आयोग में एक आखिरी अर्जी लगानी चाहिए। अर्जी कुछ इस तरह होगी—

"हुजूर, अब चुनाव रहने ही दीजिए। हमें बिना चुनाव कराए ही जिता दीजिए। ईवीएम से हारे, पर्ची से हारे, हाथ उठवाकर हारे। अब कल को आप कहेंगे कि नाक रगड़वाकर चुनाव कराओ, तो उसमें भी हम हार जाएंगे।

इसलिए बेहतर यही है कि जनता को वोट देने की तकलीफ न दी जाए। आप ही तय कर दीजिए कि जीत किसकी होगी। आखिर लोकतंत्र में जनता की राय से ज्यादा जरूरी हमारी जीत है!"

और हां, प्रेमचंद की कहानियों की तरह इस कहानी में भी सबसे गरीब वही है—आम मतदाता।

वह हर बार उम्मीद लेकर मतदान करता है। हर बार अपने मताधिकार का इस्तेमाल करता है। और हर बार चुनाव के बाद उसे बताया जाता है कि उसका वोट चोरी हो गया।

वोटर बेचारा सोचता है—

"अगर मेरा वोट चोरी हो गया, तो फिर जीत किसकी हुई? और हार किसकी?"

लोकतंत्र में जनता का हाथ उठना जरूरी है, लेकिन यह भी जरूरी है कि जनता का हाथ किसी के इशारे पर नहीं, अपनी मर्जी से उठे।

क्योंकि चुनाव जीतने का असली प्रमाण हाथों की गिनती नहीं, जनता का विश्वास होता है।

*************************

डा. रजनीश श्रीवास्तव, स्वतंत्र लेखक एवं चिंतक, इंदौर