देश में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के दौरान 13 करोड़ से अधिक नाम हटाए जाने और फॉर्म-6 में जोड़े गए अतिरिक्त घोषणा पत्र को लेकर विवाद गहरा गया है। इस घोषणा में मतदाताओं से माता-पिता या दादा-दादी के पिछले पुनरीक्षण में मतदाता सूची में दर्ज होने का विवरण मांगा गया था, जिसे अब चुनाव आयोग ने हटा दिया है। विवाद इसलिए बढ़ा क्योंकि आयोग ने दावा किया था कि इस बदलाव को सुप्रीम कोर्ट की मंजूरी मिली थी, जबकि सुप्रीम कोर्ट ने ऐसी किसी मंजूरी से इनकार किया। विपक्ष और कानून विशेषज्ञों ने इसे मतदाता अधिकारों तथा पारदर्शी चुनाव प्रक्रिया से जोड़ते हुए एसआईआर पर सवाल उठाए हैं। इसी बीच बॉम्बे हाई कोर्ट की गोवा पीठ की इस टिप्पणी ने भी गंभीर सवाल खड़े किए हैं कि किसी मतदाता का नाम हटाने से पहले उसे सुनवाई का अवसर दिया जाना चाहिए था।

आपकी बात

अगर ज्ञानेश कुमार का स्टैंड सही था तो फिर यू-टर्न क्यों?

  • रंजन श्रीवास्तव

     देश में मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण तथा इसके परिणामस्वरूप 13 करोड़ से ऊपर नाम मतदाता सूची से हटाए जाने पर विवाद तथा विपक्ष एवं जेन जी (Gen-Z) के इस मुद्दे पर लगातार आंदोलन के बीच केंद्रीय चुनाव आयोग ने फॉर्म 6 में जोड़े गए अतिरिक्त बिंदु को हटा दिया है।  इसके तहत विशेष गहन पुनरीक्षण के दौरान हर मतदाता को इस बात का घोषणा पत्र भरना होता था कि पिछले विशेष गहन पुनरीक्षण के दौरान उसके माता-पिता या दादा-दादी का नाम वोटर लिस्ट में मौजूद था। उक्त मतदाता सूची में मतदान केंद्र का नाम तथा मतदाता का क्रमांक संख्या का भी उल्लेख घोषणा पत्र में करना होता था।

     हालांकि चुनाव आयोग का यह कदम तब आया है जबकि फॉर्म 6 में बदलाव को लेकर देश के एक प्रमुख अंग्रेजी दैनिक अखबार में इस बात का खुलासा किया गया कि फॉर्म 6 में बदलाव को लेकर देश के दो चुनाव आयुक्त सहमत नहीं थे। और उन दोनों चुनाव आयुक्तों ने पिछले 10 महीने में जिन 14 निर्णयों पर अपनी असहमति दर्ज कराई थी, उनमें एक निर्णय फॉर्म 6 में बदलाव वाला ही था। अब जबकि सुप्रीम कोर्ट ने यह कह दिया है कि उसने फॉर्म 6 में किसी भी बदलाव की मंजूरी नहीं दी थी, तो यह मुद्दा पूरे देश में एक व्यापक मुद्दा बन गया है।

      दरअसल, उक्त अंग्रेजी दैनिक के समाचार के बाद चुनाव आयोग द्वारा जारी किए गए दूसरे प्रेस रिलीज में, जो कि 26 सितंबर को जारी किया गया, उसमें आयोग ने यह दावा किया था कि फॉर्म 6 में जो अतिरिक्त घोषणा पत्र जोड़ा गया था, उसको सुप्रीम कोर्ट ने वैध माना था।

दरअसल देश में व्यापक विवाद की जड़ एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) और यह घोषणा पत्र ही था।

      चुनाव आयोग को फॉर्म 6 वाले घोषणा पत्र के बिंदु पर अपना जवाब सुप्रीम कोर्ट में देना है, पर ऐसा समझा जाता है कि सुप्रीम कोर्ट का जवाब वही होगा जो कि भाजपा के प्रवक्ता अपने बयानों में बता रहे हैं।

     भाजपा के प्रवक्ता गणों के अनुसार फॉर्म 6 में जो अतिरिक्त घोषणा पत्र जोड़ा गया, वह दरअसल फॉर्म 6 में बदलाव नहीं है। वह सिर्फ एक घोषणा पत्र है और फॉर्म 6 के मूल प्रावधानों में कोई बदलाव नहीं किया गया।

      इस मुद्दे पर कानून के जानकारों की राय भी बंटी हुई है। जो कानून विशेषज्ञ इस घोषणा पत्र को फॉर्म 6 में बदलाव मान रहे हैं, उनका तर्क यह है कि फॉर्म 6 के साथ यह अतिरिक्त घोषणा पत्र फॉर्म 6 में बदलाव माना जाए या नहीं, उसको जानने का एक तरीका है।

उनका कहना है कि सवाल यह उठता है कि जिन मतदाताओं ने इस घोषणा पत्र को नहीं भरा या नहीं भर पाए, उनका नाम मतदाता सूची से काटा गया या नहीं? चूंकि ऐसे मतदाताओं का नाम वोटर लिस्ट से काट दिया गया, उसी से सिद्ध होता है कि फॉर्म 6 में बदलाव किया गया।

उनका कहना है कि अगर इस अतिरिक्त घोषणा यानी माता-पिता या दादा-दादी का नाम पिछले एसआईआर में किस वोटर लिस्ट में और किस नंबर पर था, का प्रभाव अगर फॉर्म 6 भरने वाले व्यक्ति के स्टेटस पर नहीं पड़ता तो इसे बदलाव नहीं ही माना जा सकता था। पर चूंकि इस घोषणा के बाद ही फॉर्म 6 भरने वाले व्यक्ति का नाम वोटर लिस्ट में शामिल होगा या नहीं, निर्धारित होता है, अतः यह स्पष्ट रूप से फॉर्म 6 में बदलाव है, जिसकी मंजूरी सुप्रीम कोर्ट ने नहीं दी थी।

     देखना यह है कि सुप्रीम कोर्ट का रुख इस याचिका पर क्या रहता है?  हालांकि विपक्ष और कॉकरोच जनता पार्टी का यह स्पष्ट कहना है कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने भाजपा को कई राज्यों के चुनावों में फायदा पहुंचाने के लिए एसआईआर के माध्यम से करोड़ों लोगों के नाम मतदाता सूची से हटा दिए। और इससे आगे बढ़कर उन्होंने देश से झूठ बोला कि सुप्रीम कोर्ट ने फॉर्म 6 में बदलावों को मंजूरी दी थी।

     अब जबकि विपक्ष और कॉकरोच जनता पार्टी न सिर्फ फॉर्म 6 में बदलावों को लेकर बल्कि पूरे एसआईआर को रद्द करने के लिए तथा ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर आर-पार के मूड में है, ज्ञानेश कुमार की परेशानी कम होने का नाम नहीं ले रही है। क्योंकि इसी बीच बॉम्बे हाई कोर्ट के गोवा बेंच ने एक परिवार के सदस्यों का नाम मतदाता सूची से हटाने को लेकर यह टिप्पणी की है कि बिना किसी को सुनवाई का मौका दिए उसका नाम वोटर लिस्ट से हटाना गलत है।

      अगर इस टिप्पणी को पूरे एसआईआर के संदर्भ में देखें तो पूरी एसआईआर की पूरी प्रक्रिया ही सवालों के घेरे में आ जाती है कि क्या चुनाव आयोग ने एसआईआर के बाद करोड़ों मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटाने के पहले उनको सुनवाई का मौका दिया था।

      देखा जाए तो प्राकृतिक न्याय का सिद्धांत भी यही कहता है कि अगर कोई व्यक्ति किसी निर्णय से प्रभावित होता है तो अंतिम फैसले के पूर्व उसको सुनवाई का मौका देना चाहिए।

********************  

श्री रंजन श्रीवास्तव  वरिष्ठ पत्रकार हैं। अंग्रेजी दैनिक हिंदुस्तान टाईम्स और फ्री प्रेस, भोपाल के साथ अन्य प्रतिष्ठित समाचार पत्रों में ब्यूरो प्रमुख और वरिष्ठ पत्रकार के रूप में अपनी सेवाएं देने के बाद इन दिनों भोपाल में निवास और सामयिक मुद्दों व राजनीति पर नियमित स्वतंत्र लेखन कर रहे हैं।  सम्पर्क.. 94253-51688,   ईमेल - ranjansrivastava1@gmail.com

  ************************ 

 

न्यूज़ सोर्स : रंजन श्रीवास्तव