किरोड़ीलाल मीणा की बड़ी कार्रवाई: नकली घी-दूध फैक्ट्री पर छापा, हजारों लीटर उत्पाद नष्ट
दौसा: देश के कैबिनेट मंत्री डॉ. किरोड़ीलाल मीणा ने रविवार देर रात जिले के महवा इलाके में एक मिल्क फूड प्रोसेसिंग फैक्ट्री पर छापा मारकर बड़े पैमाने पर नकली खाद्य उत्पाद बनाने का भंडाफोड़ किया। मौके पर भारी मात्रा में नकली घी, बटर, मिल्क पाउडर, रासायनिक पदार्थ और नामी कंपनियों के खाली पैकिंग रैपर मिले। फैक्ट्री में हजारों लीटर मिलावटी दूध नष्ट कर दिया गया। मंत्री मीणा ने खुद कार्रवाई का नेतृत्व करते हुए पूरी फैक्ट्री की बारीकी से जांच की।
दौसा-भरतपुर बॉर्डर स्थित इस फैक्ट्री में देर रात अचानक मंत्री के पहुंचने से वहां काम कर रहे मजदूरों में अफरा-तफरी मच गई। दौसा सीएमएचओ डॉ. सीताराम मीणा और खाद्य निरीक्षकों की टीम के साथ मंत्री ने निरीक्षण किया, जहां नकली घी, बटर और मिल्क पाउडर बनाने का गोरखधंधा पकड़ा गया।
निरीक्षण के दौरान फैक्ट्री के भीतर तूड़ी के ढेरों के बीच छिपाकर रखे गए केमिकल से भरे ड्रम मिले, जिनसे तीखी बदबू फैल गई। जांच में सामने आया कि उत्तरप्रदेश और बिहार से लाया गया दूध यहां रासायनिक पदार्थों के साथ मिलाकर नकली उत्पाद तैयार किए जा रहे थे। मंत्री मीणा ने मौके पर ही हजारों लीटर मिलावटी दूध नष्ट करने के आदेश दिए।
डॉ. मीणा ने कहा- यह एक तरह से विषाक्त कारोबार है। ऐसे उत्पाद लोगों के स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा हैं और यह मानव जीवन से खिलवाड़ है। दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सीएमएचओ को मौके पर मौजूद सभी सैंपल लेने और रिपोर्ट जल्द प्रयोगशाला भेजने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने दौसा कलेक्टर और एसपी को फोन पर पूरे मामले की जानकारी देकर कानूनी कार्रवाई के आदेश भी दिए।
सीएमएचओ डॉ. सीताराम मीणा ने बताया कि फैक्ट्री में कई ब्रांड्स के नाम से नकली घी और बटर तैयार किया जा रहा था। मौके से विभिन्न कंपनियों के रैपर और केमिकल जब्त किए गए हैं। पूर्व में भी इस फैक्ट्री पर कार्रवाई हो चुकी थी, अब दोबारा सैंपल लेकर लैब भेजे जा रहे हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद फैक्ट्री संचालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस कार्रवाई से इलाके के मिलावटखोरों में हड़कंप मच गया है और लोग मंत्री मीणा की इस सख्त पहल की सराहना कर रहे हैं।

अनिल अंबानी के बाद अब अनमोल अंबानी भी मुश्किल में, CBI ने दर्ज किया 228 करोड़ का मामला
अवैध घुसपैठ रोकने के लिए बड़ा कदम, योगी सरकार ने तैयार किया विशेष एक्शन प्लान
BJP के दिग्गज परिवार में जुड़ा नया रिश्ता, कथावाचक निधि सारस्वत बनेंगी चिरागवीर की दुल्हन
'नादान परिंदे' गाते-गाते स्टेज पर गिरे मोहित चौहान, वीडियो वायरल