खर्चीली शादियां और मृत्यु भोज पर लगाएं रोक – सुधाकर पवार ************** क्षत्रिय पवार समाज का वार्षिक सम्मेलन अनेक संकल्पों के साथ सम्पन्न
खर्चीली शादियां और मृत्यु भोज पर लगाएं रोक – सुधाकर पवार
**************
क्षत्रिय पवार समाज का वार्षिक सम्मेलन
अनेक संकल्पों के साथ सम्पन्न
भोपाल। वर्तमान समय में पवार समाज में भी खर्चीले विवाह का प्रचलन बढ़ते जा रहा है जिससे मध्यम और गरीब परिवारों पर अनावश्यक आर्थिक बोझ और कर्ज बढ़ता है, इसलिए सामूहिक विवाह कार्यक्रम में विवाह कराने को प्रोत्साहन देना चाहिए। सामूहिक विवाह में समाज के आर्थिक रूप से सक्षम लोग भी अपने बच्चों का विवाह करवाएंगे तो इसका सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा जिससे आर्थि रूप से कमजोर लोग भी प्रोत्साहित होंगे। इसी तरह परिवार में किसी सदस्य की मौत होने पर मृत्यु भोज पर भी प्रतिबंध लगाया जाना चाहिए। ये विचार आज यहां भारतीय जनता पार्टी के बैतूल के जिलाध्यक्ष श्री सुधाकर पवार ने व्यक्त किए। वे भोपाल में रायसेन रोड स्थित पवारांगन में क्षत्रिय पवार समाज के वार्षिक सम्मेलन में समाजजनों को सम्बोधित कर रहे थे। श्री सुधाकर पवार ने कहा कि समाज में आज भी अनेक कुरीतियां हैं जिनके कारण समाज का अपेक्षित विकास नहीं हो रहा है। उन्होंने कहा कि किसी भी समाज के सवांगीण विकास के लिए समाज में एकता, जागरूकता और राजनीतिक रूप सशक्त होना जरूरी है। श्री सुधाकर पवार ने उदाहरण देकर समझाया कि जिस तरह मिट्टी से ईंट, ईंट से दीवार और फिर मकान बनाया जाता है, यह एकता के कारण ही सम्भव होता है, उसी तरह समाज के सभी लोग आपस में एकत्रित होकर वैचारिक मतभेद भुलाकर बैर और ईर्ष्या को छोड़कर असम्भव कार्य को भी सफलतापूर्वक कर सकते हैं।
समय प्रबंधन पर जोर देते हुए भाजपा बैतूल के जिलाध्यक्ष श्री पवार ने कहा कि सफलता के लिए समय प्रबंधन पर सबसे ज्यादा ध्यान देने की आवश्यकता है। यदि समय प्रबंधन की उपेक्षा की तो हमारे हाथ से समय निकल जाएगा और हमें अपेक्षित सफलता नहीं मिलेगी। उन्होने याद दिलाया कि हमारे पूर्वज जब बैतूल और इसके आसपास के क्षेत्रों में बसे, तब आदिवासियों के सम्पर्क में आने से हमें उन्हीं के सदृश्य समझा जाने लगा लेकिन कालांतर में शिक्षा और जागरूकता के चलते समाज के प्रति बनी धारणा धीरे – धीरे समाप्त हो गई और आज प्रत्येक क्षेत्र में समाज के प्रतिभशाली लोग अपनी उपस्थिति दर्ज करा रहे हैं। उन्होंने समाज के सभी लोगों का आह्वान किया कि चाहे वे किसी भी क्षेत्र में काम कर रहे हों, किसी राजनीतिक दल की विचारधारा को मानते हों, जब समाज की एकता और विकास की बात आये तो सभी मतभेद भुलाकर एकमत से सहयोग करना चाहिए।
आर्थिक रूप सशक्त होना जरूरी
पवार समाज के प्रांतीय संगठन के उपाध्यक्ष डा. प्रमोद किनकर ने कहा कि सामाजिक संगठनों को आर्थिक रूप से सुदृढ़ करने के लिए समुचित उपाय करने होंगे। उन्होंने बताया कि प्रांतीय संगठन का पंजीयन हो गया है तथा इस संगठन में अनुभवी समाज बंधुओं के साथ युवाओं को जोड़कर समाज के सर्वांगीण विकास के कार्य करने के प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने समाज के सभी लोगों का आह्वान किया कि वे समाज के विकास में समस्या नहीं अपितु समाधान बनें और समर्पण और पूर्ण निष्ठा के साथ कार्य करें।
कृषि के उपकरणों का संग्रहालय
अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में क्षत्रीय पवार समाज, भोपाल के अध्यक्ष श्री कन्हैयालाल परिहार ने संगठन के पिछले एक वर्ष में किए कार्यों का विवरण देते हुए बताया कि पवारांगन में मंदिर का निर्माण कार्य प्रगति पर है तथा इसके शीघ्र पूर्ण होने की सम्भवना है। उन्होंने बताया कि पवारांगन में खेती में परम्परागत रूप से उपयोग में लाये जाने वाले उपकरणों / औजारों जैसे हल, बक्खर, बैलगाड़ी, आदि का संग्रहालय बनाया जाएगा ताकि नई पीढ़ी यह जान सके कि उनके पूर्वज किस प्रकार खेती करते थे । उन्होंने बताया कि इस साल यह वार्षिक सम्मेलन समर्पण पर्व के रूप में मनाया गया तथा वर्ष 2026 को समरसता वर्ष के रूप में मनाया जाएगा।
महिला सम्मान और शिक्षा प्राथमिकता
क्षत्रिय पवार समाज, भोपाल की मां वाग्देवी वाहिनी की अध्यक्षा श्रीमती विद्या बारंगे ने महिला सशक्तिकरण और महिलाओं की शिक्षा पर बल देते हुए कहा कि महिलाओं की समग्र भागीदारी के लिए यह बेहद जरूरी है। उन्होंने आश्वासन दिया कि समाज की महिलाएं समाज के विकास के लिए पूर्ण समर्पण के साथ एकात्म भाव से समाज के वरिष्ठजनों के सहयोग से कार्य करेंगी।
अनेक संगठनों के पदाधिकारियों की भागीदारी
क्षत्रिय पवार समाज, भोपाल के एक दिवसीय वार्षिक सम्मेलन में विभिन्न जिलों में कार्यरत पवार समाज संगठनों के पदाधिकारियों ने भागीदारी की और सम्मेलन को अत्यधिक उपयोगी बताया। सम्मेलन में विशेष रूप से सतपुड़ांचल पवार समाज, जबलपुर के अध्यक्ष श्री रमेश पवार, क्षत्रिय पवार समाज संगठन, बगडोना के अध्यक्ष श्री अशोक ओमकार, क्षत्रिय पवार समाज संगठन बैतूल के अध्यक्ष श्री अनिल पवार, क्षत्रिय पवार युवा मंडल महू के अध्यक्ष श्री सुनील बोबड़े, क्षत्रिय पवार समाज बैनगंगा के श्री गुरूवेश एड़े, क्षत्रिय पवार समाज ताल क्षेत्र, भोपाल के अध्यक्ष श्री महेंद्र सिंह परमार सहित अनेक पदाधिकारी और बड़ी संख्या में पवार समाज के सदस्य और उनके परिवारजन मौजूद थे।
कार्यक्रम के आरम्भ में क्षत्रिय पवार समाज, भोपाल के पदाधिकारियों ने मां वाग्देवी और राजा भोज के चित्र पर माल्यार्पण किया तथा मदिर प्रांगण में ध्वजारोहण किया। संगठन के सचिव श्री पंजाबराव बारंगे ने स्वागत भाषण दिया तथा सभी पदाधिकारियों ने अतिथियों का स्वागत किया। अतिथियों ने संगठन द्वारा प्रकाशित राजा भोज संस्कृति केलेंडर और भोज ज्योति पत्रिका का विमोचन किया। भोज विक्रम समिति द्वारा समाज के 75 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले वृद्धजनों का पैर पखार कर सम्मान किया गया। इसी अवसर बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों और महिलाओं ने गरबा नृत्य की आकर्षक प्रस्तुति दी। इसी दौरान श्री पंजाबराव श्रीमती वंदना बारंगे ने गीता के 12 वें अध्याय का वाचन भी किया। अतिथियों ने वर्ष 2025 के दौरान सेवानिवृत्त होने वाले समाजबंधुओं और विभिन्न कक्षाओं में उच्चतम अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित भी किया। कार्यक्रम का संचालन श्री जय पवार और श्री तेजराम देशमुख ने किया।

राजनीतिक माहौल गरमाया, सीएम ने कांग्रेस पर साधा निशाना
श्रवण कुमार का बयान- नीतीश कुमार पूरी तरह संवैधानिक प्रक्रिया के पक्षधर
5 परिवारों की घर वापसी से समारोह में खुशी का माहौल