खाद, बीज और कीटनाशकों के नमूने

प्रयोगशालाओं तक पहुंचाएगा डाक विभाग

     भोपाल। खेती में नकली बीज, घटिया खाद और असरहीन कीटनाशकों से परेशान किसानों को अब बड़ी राहत मिलने वाली है। किसानों के हितों की रक्षा और कृषि उत्पादन की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए केंद्र सरकार ने एक ठोस कदम उठाया है। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय ने डाक विभाग के साथ समझौता कर कृषि इनपुट की जांच और निगरानी की व्यवस्था को पूरी तरह पारदर्शी, डिजिटल और भरोसेमंद बनाने का फैसला किया है।

     कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय ने नकली बीज, उर्वरक और कीटनाशकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने के उद्देश्य से डाक विभाग के साथ एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए हैं। इस एमओयू के तहत बीज, खाद और कीटनाशकों के नमूनों को संग्रह केंद्रों से निर्धारित प्रयोगशालाओं तक सुरक्षित, समयबद्ध और बिना छेड़छाड़ के पहुंचाया जाएगा। इसके लिए डाक विभाग के व्यापक नेटवर्क का उपयोग किया जाएगा। नमूनों की पूरी आवाजाही डिजिटल ट्रैकिंग से जुड़ी होगी, जिससे हर स्तर पर निगरानी संभव हो सकेगी।

     नई व्यवस्था के अनुसार राज्य स्तर पर गुणवत्ता नियंत्रण के लक्ष्य तय किए जाएंगे। नमूनों के संग्रह, प्रेषण, प्रयोगशाला जांच, परीक्षण रिपोर्ट तैयार करने और जरूरत पड़ने पर कानूनी कार्रवाई तक की पूरी प्रक्रिया को डिजिटल प्लेटफॉर्म पर लाया जाएगा। इससे कामकाज में पारदर्शिता बढ़ेगी और जवाबदेही भी सुनिश्चित होगी।

      यदि जांच में कोई कृषि इनपुट नकली या घटिया गुणवत्ता का पाया जाता है, तो संबंधित कानूनों के तहत दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। डिजिटल रिकॉर्ड और ट्रैकिंग प्रणाली से साक्ष्य मजबूत होंगे, जिससे मामलों का निपटारा तेजी से किया जा सकेगा।

      यह पहल किसानों के लिए खास मायने रखती है, क्योंकि नकली और निम्न गुणवत्ता वाले कृषि इनपुट से फसल खराब होने के साथ किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है। सरकार का यह कदम किसानों तक गुणवत्तापूर्ण बीज, खाद और कीटनाशकों की समय पर उपलब्धता सुनिश्चित करेगा । कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय और डाक विभाग की यह साझेदारी खेती को अधिक सुरक्षित, पारदर्शी और भरोसेमंद बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है। इससे न केवल किसानों का भरोसा बढ़ेगा, बल्कि देश की कृषि व्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।