एसी के साथ पंखा भी चलाएं.... 30 फीसदी तक बिजली बचाएं

भोपाल । धीरे – धीरे ही सही.. गरमी दबे पांव दस्तक दे रही है। कुछ दिनों तक तो पंखा से काम चल जाएगा लेकिन जिनके घरों और दफ्तरों में एसी लगा है, कमरे को ठंडा करने के लिए थोड़ी देर के लिए एसी का उपयोग करना शुरू कर देंगे। जैसे ही गरमी 38 डिग्री सेल्सियस को छूएगी, एसी का लम्बे समय तक उपयोग करेंगे । जब तीब्र गरमी पड़ती है तब कमरे को तुरंत ठंडा करने के लिए एसी को 18-20 डिग्री पर सेट कर देते हैं यह सोचकर कि कमरा बहुत जल्दी ठंडा हो जाएगा लेकिन यह एक आम गलतफहमी है।

 विशेषज्ञों का मानना है कि चाहे आप एसी का तापमान 18 या 26 डिग्री सेल्सियस पर सेट करें।  26 डिग्री सेल्सियस तक कम करने में लगने वाला समय वही रहता है। लेकिन जब आप कम तापमान सेट करते हैं,तो कमरे के तापमान को कम करने के लिए कंप्रेसर को अतिरिक्त मेहनत करनी पड़ती है। इसके परिणामस्वरूप अधिक बिल आता है। यहां तक कि अगर आप थर्मोस्टेट को 18 डिग्री पर सेट करने के बाद कुछ मिनटों के भीतर एसी बंद कर देते हैं,तो विभिन्न लीक के माध्यम से ठंडी हवा के फैलने से तापमान तेजी से बढ़ जाएगा, जिससे आपका प्रयास व्यर्थ हो जाएगा।

विशेषज्ञ तो यह भी कहते हैं कि यदि आप थर्मोस्टेट को 26 डिग्री सेल्सियस पर सेट करते हैं और टाइमर को 2 घंटे के लिए सेट करते हैं और साथ में सीलिंग फैन चला देते हैं,तो यह आमतौर पर अच्छी नींद के लिए आरामदायक तापमान बनाए रखता है। इसलिए समझदारी से काम लेते हुए एसी को 26 डिग्री पर सेट करें तथा सीलिंग फैन एक या दो पाइंट पर जरूर चलाएं, ऐसा करने से बिजली बिल में कमी आ सकती है।

        गर्मी में बिजली की खपत बढ़ने से बिजली बिल अधिक आता है,लेकिन कुछ तरीके अपना कर बिजली बिल में कमी की जा सकती है। मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी ने दावा किया है कि एक शोध से यह साबित हुआ है कि एसी का तापमान 26 डिग्री पर सेट करने से बिजली बिल में 30 प्रतिशत तक कमी हो सकती है। शोध के अनुसार,प्रत्येक डिग्री तापमान में वृद्धि के परिणामस्वरूप स्प्लिट एसी की ऊर्जा खपत में 6 प्रतिशत की कमी आती है।

मध्य क्षेत्र विद्युत विरण कंपनी के अनुसार गर्मियों के दौरान एयर कंडीशनर के लगातार चलने के कारण बिजली का बिल चिंता का एक बड़ा कारण है। लेकिन एयर कंडीशनर का समझदारी से उपयोग करके आप इसे काफी हद तक कम कर सकते हैं। विद्युत वितरण कंपनी के द्वारा जारी सुझावों में सबसे महत्वपूर्ण है कि एसी को ऊंचे लेकिन आरामदायक तापमान पर चलाना चाहिए। विभिन्न एजेंसियों के शोधों से साबित हुआ है कि एसी के तापमान को 26 डिग्री सेल्सियस पर सेट करने से बिजली के बिल को 30 प्रतिशत तक कम किया जा सकता है।

न्यूज़ सोर्स : मनोज द्विवेदी