राज सम्राट नगर में आज से श्री रामकथा ................... कलश यात्रा में शामिल हुए सैकड़ों श्रद्धालुजन
राज सम्राट नगर में आज से श्री रामकथा
कलश यात्रा में शामिल हुए सैकड़ों श्रद्धालुजन
भोपाल 28 मार्च। अयोध्या बायपास स्थित राज सम्राट नगर फेस – 1 के भूतेश्वर शिव मंदिर परिसर में आज से पांच दिवसीय श्री रामकथा का शुभारम्भ हो रहा है। आगामी 2 अप्रेल तक आयोजित इस श्री रामकथा में कथावाचक आचार्य श्री सीताराम पाठक और वृंदावन धाम से पधारे कथावाचक श्री सिद्धांत जी महाराज श्रोताओं को मर्यादा पुरूषोत्तम श्री राम के जीवन चरित्र के सम्पूर्ण आयामों के बारे संगीतमय प्रस्तुति के साथ विस्तार से बतायेंगे।आचार्य श्री पाठक ने बताया कि श्रीराम कथा के पहले दिन श्री राम नाम की महिमा एवं श्री राम कथा का महत्व विषय पर प्रवचन देंगे। श्रीराम कथा के दौरान ओरछा धाम के यज्ञ आचार्य पं. अमित तिवारी भी विशेष रूप से मौजूद रहेंगे। श्रीराम कथा का आयोजन राज सम्राट नगर की उत्सव समिति के तत्वावधान में किया जा रहा है। श्रीराम कथा आज से आगामी 02 अप्रेल तक प्रतिदिन अपरान्ह 3:30 बजे से सांय 6:30 बजे तक होगी।
कलश यात्रा सम्पन्न
श्रीराम कथा के प्रथम दिवस पर आज प्रात: राज सम्राट नगर के श्रद्दालुओं ने कलश यात्रा में भाग लिया। कलश यात्रा आजाद नगर स्थित श्री हनुमान मंदिर से प्रारम्भ होकर कथा स्थल राज सम्राट नगर के भूतेश्वर मंदिर प्रांगण में समाप्त हुई। बड़ी संख्या में श्रद्धालु महिला – पुरूष पीले परिधान में उत्साह और उमंग के साथ भाव विभोर होकर भक्ति गीतों का रसास्वादन करते हुए चल रहे थे।

कलश यात्रा प्रारम्भ होने के पहले हनुमान मंदिर में विधि विधान से कलश पूजा की गई। इस अवसर पर महापौर श्रीमती मालती राय भी मौजूद थीं। महापौर ने रामकथा के सफल आयोजन के लिये शुभकामनाएं दी तथा पूजा अर्चना भी की।

02 अप्रेल को श्रीहनुमान और
शीतला माता की प्रतिमा की प्राण प्रतिष्ठा
राज सम्राट नगर स्थित भूतेश्वर शिव मंदिर में श्रीराम कथा के अंतिम दिन आगामी 02 अप्रेल को श्री हनुमान एवं माता शीतला की प्रतिमा की प्राण प्रतिष्ठा का आयोजन किया गया है। ओरछा धाम के यज्ञ आचार्य पं. अमित तिवारी प्राण प्रतिष्ठा सम्पन्न करायेंगे। प्राण प्रतिष्ठा के लिए किये जाने वाले धार्मिक आयोजनों की आज से शुरूआत हो गई है। राज सम्राट नगर उत्सव समिति के अध्यक्ष श्री माचल सिंह लोधी और सचिव श्री दिनेश के.एन. ने बताया कि श्रीराम कथा के पहले दिन ही मूर्ति संस्कार और अन्नाधिवास विधि विधान से किया गया। रविवार, 29 मार्च को जलाधिवास एवं पीठ पूजा, 30 मार्च को पुष्पाधिवास, 31 मार्च को फलाधिवास, 01 अप्रेल को औषधि, सहस्त्रधारा स्नान एवं नगर भ्रमण तथा शयानाधिवास हवन पूजन किया जाएगा। श्रीराम कथा के अंतिम दिन श्री हनुमान एवं शीतला माता की प्रतिमा की स्थापना और प्राण प्रतिष्ठा धार्मिक अनुष्ठान के साथ सम्पन्न होगी। श्री लोधी और श्री दिनेश ने राज सम्राट नगर, जीत होम्स, सागर लेक व्यूव, कांता श्रवण, जनकपुरी, वृंदावन नगर सहित आसपास की सभी कालोनियों के श्रद्धालुओं से अनुरोध किया है कि वे श्रीराम कथा का श्रवण करने अवश्य पधारें।

कैंसर के इलाज में सटीक और सुरक्षित लाल रोशनी से सक्रिय नैनोथेरेपी