राम कथा हमें जीवन जीने की कला सिखाती है

राज सम्राट नगर में राम कथा का भव्य शुभारम्भ

    भोपाल। भारतीय सनातन परंपरा में नाम को अत्यंत पवित्र और प्रभावशाली माना गया है। विशेषकर रामनाम यह मात्र एक शब्द नहीं, बल्कि संपूर्ण ब्रह्मांड की ऊर्जा का सार है। यदि राम नामआत्मा को शुद्ध करता है, तो राम कथाजीवन को दिशा देती है। अयोध्या बायपास स्थित राज सम्राट नगर में श्री राम कथा के प्रथम दिवस कथावाचाक श्री सिद्धांत जी महाराज ने उक्त विचार व्यक्त किये। उन्होंने कहा कि राम कथा केवल एक धार्मिक कहानी नहीं है, बल्कि यह आदर्श जीवन का संविधान है। इसमें नीति, धर्म, प्रेम, त्याग, करुणा और कर्तव्य का अद्भुत समन्वय है।

     श्री सिद्धांत जी महाराज ने कहा कि भगवान श्रीराम के जीवन चरित्र से हमें एक आदर्श पुत्र, आदर्श भाई, आदर्श पति और आदर्श राजा के कर्तव्यों का ज्ञान मिलता है। उन्होंने कहा कि राम कथा यह सिखाती है कि परिस्थितियाँ चाहे कैसी भी हों, धर्म और कर्तव्य से विचलित नहीं होना चाहिए। संस्कारों और  नैतिक मूल्यों की चर्चा करते हुए सिद्धांत जी महाराज ने उदाहरण देते हुए बताया कि सीता माता और सति माता ने जिद की जिसका परिणाम अत्यंत घातक हुआ इसलिए परिवार में जिद नहीं करनी चाहिए।  राम का आदर्श जीवन हमें नैतिकता और संयम का मार्ग दिखाता है । यदि हम अपने जीवन में राम के आदर्शों को अपनाएँ तो परिवार,  समाज देश और विश्व में शांति, सद्भाव और नैतिकता पुनः स्थापित हो सकती है। संगीतमय श्रीराम कथा में आजाद नगर श्री हनुमान मंदिर के आचार्य सीताराम पाठक के अलावा राज सम्राट नगर और आसपास की कालोनियों के बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद थे।

 

श्री हनुमान और शीतला माता की मूर्ति का जलाधिवास

     राज सम्राट नगर स्थित भूतेश्वर शिव मंदिर में आगामी 2 अप्रेल को श्री हनुमान और शीतला माता की मूर्ति की स्थापना और प्राण प्रतिष्ठा का धार्मिक अनुष्ठान होगा ।

मूर्ति की स्थापना और प्राण प्रतिष्ठा के पूर्व धार्मिक अनुष्ठान के तहत कल अन्नधिवास अनुष्ठान सम्पन्न हुआ तथा आज श्रीराम कथा के दूसरे दिन श्री हनुमान और शीतला माता की मूर्ति का जलाधिवास किया गया।

ओरछा धाम से पधारे यज्ञ आचार्य श्री अमित तिवारी, आचार्य सीताराम पाठक और उनके सहयोगियों के श्रीमुख से मंत्रोच्चार और धार्मिक विधि विधान से किए गये जलाधिवास में कार्यक्रम में मौजूद श्रद्द्लुओं ने सहभागिता की।

 

श्री रामकथा के दूसरे दिन शिव विवाह और राम जन्मोत्सव

आचार्य सीताराम पाठक ने बताया कि राज सम्राट नगर में राम कथा के दूसरे दिन शिव विवाह और श्रीराम जन्मोत्सव के प्रसंग होंगे। कथावाचक श्री सिद्धांत जी महाराज आज विवाह के नियम, गृहस्थ जीवन, संस्कृति को बचाने के लिए सनातनियों के कर्तव्य के साथ ही श्रीरम भगवान के अवतार के उद्देश्य और राम चरित्र पर प्रवचन देंगे। आज 29 मार्च को श्रीराम कथा अपरान्ह ठीक 3:30 से सायं 6:30 बजे तक होगी। राज सम्राट नगर उत्सव समिति के अध्यक्ष श्री माचल सिंह लोधी और सचिव दिनेश के.एन. ने राज सम्राट नगर सहित आसपास की कालोनियों के श्रद्धालुओं से अनुरोध किया है कि वे इस सत्संग / श्रीराम कथा का श्रवण कर अपने जीवन को श्रीराम के आदर्शों के अनुरूप ढालने का प्रयास करें।

*************************