राज सम्राट नगर में रामकथा का उल्लास............. राम जन्म से राम-सीता विवाह तक गूंजा भक्तिरस
राज सम्राट नगर में रामकथा का उल्लास
राम जन्म से राम-सीता विवाह तक गूंजा भक्तिरस
भोपाल। राज सम्राट नगर में आयोजित रामकथा के तीसरे दिन श्रद्धा, भक्ति और उत्सव का अद्भुत संगम देखने को मिल रहा है। कथा स्थल पर भगवान श्रीराम के जन्म और माता सीता के साथ उनके दिव्य विवाह प्रसंग को हर्षोल्लास के साथ मनाया गया, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।

कथा के दौरान जैसे ही राम जन्म का प्रसंग आया, श्रद्धालुओं में अपार उत्साह उमड़ पड़ा। बाल स्वरूप श्रीराम के दर्शन कर भक्तों ने उनकी बलैया ली और मंगल गीतों के साथ जन्मोत्सव मनाया। पूरा पंडाल “जय श्रीराम” के जयघोष से गूंज उठा, मानो अयोध्या नगरी साकार हो उठी हो।

इसके पश्चात राम-सीता विवाह का प्रसंग अत्यंत भावपूर्ण ढंग से प्रस्तुत किया गया। वरमाला की रस्म के बाद श्रद्धालुओं ने परंपरा अनुसार भगवान श्रीराम के चरण पखारे और आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान विवाह गीतों की मधुर प्रस्तुतियों ने माहौल को और अधिक जीवंत बना दिया। संगीत और भक्ति के संगम ने उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया।
कार्यक्रम में राम भक्ति पर आधारित गीतों और झांकियों की प्रस्तुति भी की गई, जिसने कथा के प्रसंगों को सजीव कर दिया। श्रद्धालुओं ने पूरे आयोजन में बढ़-चढ़कर भाग लिया और भक्ति भाव से सराबोर नजर आए। राज सम्राट नगर का यह धार्मिक आयोजन न केवल आध्यात्मिक चेतना का संचार कर रहा है, बल्कि समाज में सांस्कृतिक मूल्यों को भी सुदृढ़ बना रहा है। रामकथा का श्रवण करने राज सम्राट नगर के साथ ही आसपास की कालोनियों के बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं का तांता लगा रहता है
शीतला माता और श्री हनुमान की मूर्ति का पुष्पाधिवास
राज सम्राट नगर स्थित भूतेश्वर शिव मंदिर में आगामी 2 अप्रेल को श्री हनुमान और शीतला माता की मूर्ति की स्थापना और प्राण प्रतिष्ठा का धार्मिक अनुष्ठान होगा । मूर्ति की स्थापना और प्राण प्रतिष्ठा के पूर्व धार्मिक अनुष्ठान के तहत सोमवार, 30 मार्च को पुष्पाधिवास अनुष्ठान सम्पन्न हुआ ।

ओरछा धाम से पधारे यज्ञ आचार्य श्री अमित तिवारी, आचार्य सीताराम पाठक और उनके सहयोगियों ने मंत्रोच्चार और धार्मिक विधि विधान से किए गये पुष्पाधिवास में श्रद्द्लुओं ने धार्मिक श्रद्धा और उल्लास के साथ सहभागिता की। राज सम्राट नगर उत्सव समिति के अध्यक्ष श्री माचल सिंह लोधी और सचिव श्री दिनेश के.एन. ने बताया कि आगामी 02 अप्रेल को आयोजित मूर्ति की स्थापना और प्राण प्रतिष्ठा धार्मिक अनुष्ठान में मध्यप्रदेश शासन में राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्रीमती कृष्णा गौर विशेश रूप से उपस्थित रहेंगी । इसी अवसर पर श्रीमती गौर मंदिर परिसर में नवनिर्मित बाऊंड्रीवाल और पाथ वे का लोकार्पण भी करेंगी।

योगी आदित्यनाथ ने थारू परिवारों को दिया जमीन का मालिकाना हक