राज सम्राट नगर में बाऊंड्री वाल का लोकार्पण

शेड और पार्क विकसित किया जाएगा - श्रीमती गौर

     भोपाल । हनुमान जयंती के अवसर पर आज पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण   राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्रीमती कृष्णा गौर ने अयोध्या बायपास स्थित राज सम्राट नगर फेस – 1 में विधायक निधि से निर्मित बाऊंड्री वाल और पाथ वे (पैदल चलने के लिए पथ) का लोकार्पण कियाबाऊंड्री वाल और पाथ वे का निर्माण विधायक निधि से किया गया है, जिनके निर्माण पर करीब 16 लाख रूपये की लागत आई है

      इस अवसर पर श्रीमती गौर ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि बाऊंड्री वाल बन जाने से मंदिर की सुरक्षा के साथ पवित्रता सुनिश्चित हो सकेगी। साथ ही पाथ वे बन जाने अब यहां के रहवासियों को सैर के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा। सकारात्मक सोच को विकसित करने और स्वास्थ्य की दृष्टि से यह मंदिर परिसर अत्यंत उपयोगी सिद्ध होगा। उन्होंने कहा कि पिछले  पांच दिनों से यहां  श्रीराम कथा का आयोजन किया गया जिससे यहां का वातावरण राममय हो गया है। उन्होने कहा कि मंदिर में शीतला माता और हनुमान जी की मूर्ति की स्थापना और प्राण प्रतिष्ठा के बाद यहां के रहवासियों की जिम्मेदारी है कि वे नई युवा पीढ़ी को धर्म और संस्कृति से अवश्य जोड़ें ताकि वे सनातन धर्म के ऊर्जावान संवाहक बन सकें। उन्होंने राज सम्राट नगर उत्सव समिति द्वारा मंदिर में शीतला माता और हनुमान जी की मूर्ति की स्थापना करने पर समिति और रहवासियों की मुक्त कंठ से सराहना करते हुए कहा कि वास्तव में उन्हें यहां आकर बेहद सुकून मिल रहा है। भविष्य में जब भी धार्मिक आयोजन होंगे, वे अवश्य शामिल होंगी

      लोकार्पण समारोह के प्रारम्भ में स्थानीय पार्षद श्रीमती छाया ठाकुर, राज सम्राट गृह निर्माण समिति के अध्यक्ष श्री उमेश सिंह राजपूत, राज सम्राट नगर उत्सव समिति के अध्यक्ष श्री माचल सिंह लोधी सहित अन्य रहवासियों ने श्रीमती गौर का स्वागत किया। उत्सव के सचिव श्री दिनेश के.एन. ने आभार माना। समारोह में बड़ी संख्या में रहवासी मौजूद थे।  

शेड और सुंदर पार्क विकसित होगा

     राज सम्राट नगर में नवनिर्मित बाऊंड्री वाल और पाथ वे के लोकार्पण समारोह में श्रीमती गौर ने कहा कि मंदिर परिसर तो वैसे ही सकारात्मक ऊर्जा से भरपूर रहता है । ऐसे में यहां सुंदर पार्क विकसित किया जाए तो रहवासियों के लिए यह किसी वरदान से कम नहीं होगा।

उन्होंने कहा कि वे मंदिर के सामने एक शेड और मंदिर परिसर में सुंदर पार्क बनवाने में हर सम्भव सहायता करेंगी।  श्रीमती गौर ने श्रीराम भक्त हनुमान, भगवान शिव और शीतला माता की पूजा अर्चना की तथा सभी की खुशहाली की कामना की । श्रीमती गौर ने कालोनी की महिलाओं से मुलाकात की और हनुमान जन्मोत्सव की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि अब उन्हें शीतला माता की पूजा के लिए कालोनी से बाहर नहीं जाना पड़ेगा।  

 

न्यूज़ सोर्स : मधुकर पवार