जयपुर। राजस्थान में मौसम एक बार फिर करवट ले रहा है। जयपुर मौसम विज्ञान केंद्र ने आज प्रदेश के 17 जिलों में आंधी के साथ तेज बारिश और कहीं-कहीं ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया है। इन इलाकों में 20 से 50 एमएम तक बारिश होने की संभावना जताई गई है। बीकानेर और आसपास के क्षेत्रों में सुबह से ही नए वेदर सिस्टम का असर देखने को मिल रहा है। मौसम केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा के अनुसार, 8 अप्रैल को भी इस सिस्टम का प्रभाव पूर्वी राजस्थान के भरतपुर संभाग में बना रहेगा, जबकि 9 अप्रैल से मौसम साफ होने के संकेत हैं।

जयपुर में बादल, बीकानेर में बारिश

मंगलवार सुबह जयपुर में ठंडी हवाओं के साथ घने बादल छाए रहे, वहीं बीकानेर और आसपास के इलाकों में बारिश दर्ज की गई। अप्रैल के दूसरे सप्ताह में भी सुबह-शाम हल्की ठंडक महसूस की जा रही है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि इस महीने भीषण गर्मी और हीटवेव की आशंका फिलहाल कम है।

सोमवार दोपहर बाद बदला मौसम

6 अप्रैल को सुबह प्रदेशभर में तेज धूप रही, लेकिन दोपहर करीब 2 बजे बाद मौसम अचानक बदल गया। श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, चूरू, सीकर, झुंझुनूं, अलवर और भरतपुर में बादल छा गए और कई जगह हल्की बारिश व बूंदाबांदी हुई।

तापमान में बढ़ोतरी दर्ज

तेज धूप के चलते दिन के तापमान में 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी दर्ज की गई। बीकानेर में अधिकतम तापमान 34.5 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि चित्तौड़गढ़ में सबसे ज्यादा 36.4 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया।

कमजोर मानसून के संकेत

पिछले 20 दिनों में सक्रिय रहे 6 वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के कारण प्रदेश में गर्मी ज्यादा नहीं बढ़ सकी है, जिसका असर आने वाले मानसून पर पड़ सकता है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, बार-बार हो रही बारिश से जमीन का तापमान सामान्य से नीचे बना हुआ है, जबकि समुद्र का तापमान धीरे-धीरे बढ़ रहा है। जुलाई-अगस्त के दौरान अल-नीनो के सक्रिय होने की संभावना 60 से 80 फीसदी के बीच जताई जा रही है, जिससे मानसून में कम बारिश हो सकती है।

आज और जल्द आएगा मानसून पूर्वानुमान

प्राइवेट एजेंसी स्काईमेट आज यानी 7 अप्रैल को मानसून का पूर्वानुमान जारी करेगी, जबकि भारतीय मौसम विभाग 15 अप्रैल तक आधिकारिक जानकारी साझा कर सकता है।