प्रयागराज महाकुम्भ.....

मौनी अमावस्या पर चिकित्सा की व्यापक व्यवस्था

संत भी कर रहे हैं इलाज और दे रहे हैं दवाओं के साथ दुआएं  

 

    प्रयागराज। इसी महीने 13 जनवरी से प्रयागराज में चल रहे महाकुम्भ में बुधवार, 29 जनवरी को मौमी अमावस्या के अवसर पर  करीब 10 करोड़ श्रद्दालुओं के मेला में आने की सम्भावना के मद्देनजर राज्य सरकार ने चिकित्सा के व्यापक प्रबंध किए हैं इसके तहत  महाकुम्भनगर में श्रद्धालुओं के स्वास्थ्य परीक्षण और इलाज के लिए  एक हजार से अधिक चिकित्सक और नर्सिंग व सहयोगी कर्मचारियों को तैनात किया गया है । कोई भी श्रद्धालु स्वास्थ्य सम्बंधी समस्या आने पर इन चिकित्सा केंद्रों पर इलाज करवा सकते हैं। उन्हें इलाज के लिये इधर – उधर भटकने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी।

आधिकारिक जानकारी के अनुसार कुंभ मेले के प्रत्येक सेक्टर में आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। इन चिकित्सा केंद्रों पर छोटे ऑपरेशन से लेकर बड़े आपरेशन तक की सुविधाएं उपलब्ध हैं। महाकुम्भनगर के सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल में 300 से अधिक स्पेशलिस्ट चिकित्सक तैनात किए गए हैं। ये डॉक्टर किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार हैं। अब तक 2 लाख से अधिक मरीज यहां ओपीडी सेवाओं का लाभ उठा चुके हैं। साथ ही अब तक ढाई लाख से अधिक पैथोलॉजी टेस्ट किए जा चुके हैं।

     महाकुम्भ मेला के नोडल चिकित्सा डॉक्टर गौरव दुबे ने बताया कि देश-विदेश से आ रहे श्रद्धालु महाकुम्भनगर में स्वास्थ्य लाभ ले रहे हैं। आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं के साथ सरकार ने मेले को सुरक्षित और स्वस्थ बनाने के लिए हर संभव कदम उठाया है। यही नहीं,

विभिन्न मठों, मंदिरों और अखाड़ों के संत भी श्रद्धालुओं को दवाएं उपलब्ध कराने के साथ जांच में भी मदद कर रहे हैं। ये संत विभिन्न प्रकार के शिविरों का आयोजन कर रहे हैं। जिसके माध्यम से श्रद्धालुओं को आयुर्वेदिक, होम्योपैथिक समेत कई प्रकार की चिकित्सा जांच और दवाएं उपलब्ध करा रहे हैं। 

********************