कौशल विकास प्रशिक्षण......

दृष्टिबाधित दिव्यांग बच्चे रोजगार देने वाले बनें – पुष्प जैन

दूसरे दिन दिया रोजगारोन्मुखी प्रशिक्षण 

    इंदौर (अरुण कुमार जैन)   महावीर इंटरकॉन्टिनेंटल सर्विस ऑर्गेनाइजेशन द्वारा इंदौर में दृष्टिबाधित दिव्यांग बच्चों के लिए संचालित पांच दिवसीय कौशल विकास शिविर के दूसरे दिन बच्चों के लिए बेहद उपयोगी रहा। प्रशिक्षणार्थी बच्चों को विभिन्न प्रशिक्षकों द्वारा कंप्यूटर आधारित प्रोग्रामिंग करने और उसके व्यावसायिक उपयोग करने के साथ अन्य प्रोग्राम डेवलप करने आदि की जानकारी दी गई। दूसरे दिन सांयकाल सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया जिसमें दृष्टिबाधित बच्चों ने उत्साह के साथ भाग लिया। इस अवसर पर कार्यक्रम में मौजूद महावीर इंटरकॉन्टिनेंटल सर्विस ऑर्गेनाइजेशन के पदाधिकारियों और दर्शकों ने प्रतिभागी बच्चों की मुक्त कंठ से सराहना की।  

   

    प्रशिक्षण के दौरान आयोजित कार्यक्रम में महावीर इंटरकॉन्टिनेंटल सर्विस ऑर्गेनाइजेशन के अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व सांसद श्री पुष्प जैन ने कहा कि दृष्टिबाधित दिव्यांग बच्चों के लिए कौशल विकास प्रशिक्षण के पाठ्यक्रम को रोजगारोन्मुखी बनाना अतिआवश्यक है ताकि वे स्वालम्बन के साथ अन्य लोगों के साथ हौसले की उड़ान भर सके।    उन्होने कहा कि दृष्टिबाधित दिव्यांग बच्चों को स्वरोजगार के लिए भी प्रशिक्षित करना होगा जिससे वे प्रतिस्पर्धी युग में अपना मुकाम हासिल करने के साथ दूसरों को भी रोजगार दे सकेंगे।

     इस अवसर पर मध्यप्रदेश दृष्टिहीन संघ के डॉक्टर घनश्याम दास सिंघल ने बताया कि आजकल डिजिटल ब्रेल मशीन के उपयोग से काम करने की गति को बढ़ाकर दिव्यांग बच्चे सामान्य बच्चों से बराबरी कर मुकाबला कर सकते हैं। उन्होने बच्चों को सलाह दी कि वे स्वस्थ प्रतिस्पर्धा का भाव रखें और दूसरे को आगे बढ़ने का रास्ता देकर अपना भी रास्ता बनाएं। डॉक्टर सिंघल ने कहा कि वे केवल सरकारी नौकरी प्राप्त करने का लक्ष्य नहीं बनाएं बल्कि अपने कौशल को विकसित कर अपना स्वरोजगार शुरू कर दूसरों को भी रोजगार दें।

वाणी एप का करें उपयोग

डॉक्टर सिंघल ने बताया कि फमारी सुविधा के लिए “हमारी वाणी” ऐप उपलब्ध है जिसके माध्यम से करियर, शिक्षा, रोजगार, आदि के साथ दिव्यांगों के लिए चलाई जा रही योजनाओं की अद्यतन जानकारी प्राप्त की जा सकती है। उन्होने बताया कि आजकल मोबाइल और कंप्यूटर पर टॉक बैक और जॉस जैसी सुविधा उपलब्ध हैं जिससे दृष्टिबाधित जन सीधे सुनकर समझ सकते हैं। यह सुविधाएं भविष्य गढ़ने में बहुत सहायक है और विज्ञान और विजन के फ्यूजन से हम आगे बढ़ सकते हैं।

   विषय प्रवर्तन छत्तीसगढ़ के निशक्तजन वित्त आयोग के अध्यक्ष श्री लोकेश ने किया। प्रतिभागियों की हौसला अफजाई करते हुए श्री कावड़िया ने बच्चों को समयबद्धता का पालन करने की सीख दी। श्री कावड़िया ने अपने अनुभवों और नव प्रयोगों से मिली सीख के आधार पर इन दिव्यागीं बच्चों को मार्केटिंग के गुर बताए और  व्यापार के विभिन्न मॉडल के प्राथमिक  सिद्धांतों से परिचय कराया।

           कार्यक्रम की शुरुआत में इंदौर चैप्टर के अध्यक्ष श्री हुल्लास बेताला ने सभी अतिथियों का स्वागत किया। श्री प्रकाश भटेवरा, जिनेश्वर जैन, पीयूष जैन, अरुण कुमार जैन, सुरेंद्र जी डाकलिया, हंसमुख गांधी, अजय जैन और जैन सोशल ग्रुप लोटस के सदस्यों ने सभी प्रतिभागियों को स्मृति स्वरूप किट बैग का प्रदान कर सम्मानित किया ।आभार विपुल बेताला ने प्रकट किया।

न्यूज़ सोर्स : अरूण कुमार जैन