वृंदावन नगर से सागर लेक व्यूव होम्स तक

49,95,742 रूपये की लागत से सड़क का होगा डामरीकरण

     भोपाल। अयोध्या बायपास स्थित वृंदावन नगर से सागर लेक व्यूव तक करीब तीन हजार परिवारों को अगले कुछ महीनों में गड्ढेयुक्त सड़क से निजात मिल सकती है। करीब डेढ़ किलोमीटर लम्बी इस सड़क के डामरीकरण करने का प्रस्ताव है। सड़क की डामरीकरण करने पर 49,95,742 रूपये खर्च होंगे।

    गोविंदपुरा विधानसभा की विधायक एवं मध्यप्रदेश शासन में पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण, विमुक्त घुमंतु और अर्धघुमंतु कल्याण विभाग की राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्रीमती कृष्णा गौर ने अपनी विधानसभा क्षेत्र के तहत जोन क्रमांक 13,14,15, और 16 के वार्ड क्रमांक 52 से 67 में अधोसंरचना विकास के लिये 15 करोड़ रूपये का प्रस्ताव मुख्यमंत्री कार्यालय को पिछले वर्ष 22 नवम्बर 2024 को भेजा था। इस प्रस्ताव मे वार्ड क्रमांक 64 के अयोध्या नगर एक्टेंशन और वृंदावन नगर से सागर लेक व्यूव के बीच सड़क का डामरीकरण करने का प्रस्ताव भी शामिल  है।

 

       उल्लेखनीय है कि वृंदावन नगर और सागर लेक व्यूव तक के मार्ग का उपयोग वृंदावन नगर, जनकपुरी, राज सम्राट नगर, नारायण गुरू, जीत होम्स, सागर लेक व्यूव और कांता श्रवण के हजारों निवासी करते हैं। करीब तीन वर्ष पहले जनकपुरी से राज सम्राट नगर की पुलिया  तक सी.सी. रोड का निर्माण हुआ था लेकिन घटिया निर्माण के कारण जगह – जगह गड्ढे होने से नागरिकों को वाहन चलाने और पैदल चलने में काफी परेशानी होती है। इसके अलावा राज सम्राट की पुलिया के पहले मोड़ के पास तथा चर्च के यू टर्न पर (मोड़ वाले स्थानों) पर स्पीड ब्रेकर नहीं होने से अक्सर दुर्घटना होते रहती हैं। इसलिये नागरिकों की सुरक्षा के मद्देनजर सभी मोड़ों के दोनो ओर स्पीड ब्रेकर की सख्त आवश्यकता है।

ग़ुणवत्तायुक्त सड़क का हो निर्माण  

    स्थानीय निवासियों की मांग है कि वृंदावन नगर से सागर लेक व्यूव तक स्वीकृत सड़क का गुणवत्ता के साथ शीघ्र निर्माण करवाया जाए ताकि इस क्षेत्र के निवासी तनावमुक्त होकर सड़क पर वाहन चला सकें.. पैदल चल सकें। नागरिकों ने यह भी मांग की है कि सड़क के निर्माण करते समय पानी जमा होने की सम्भावना वाले स्थानों को ठीक किया जाए क्योंकि डामर वाली सड़क पानी के जमा होने से बहुत जल्दी खराब हो जाती है। सड़क के दोनों ओर पानी की निकासी की समुचित व्यवस्था अर्थात नाली बनाई जाए ताकि सड़क पर पानी जमा न हो सके। साथ ही सड़क का यथासम्भव चौड़ीकरण भी किया जाए जिससे वाहन बिना किसी बाधा के चलाए जा सके और पैदल चलने वालों को भी परेशानी न हो।   

*******************