श्री मुकेश चौहान सी.जी.एच.एस. की क्षेत्रीय सलाहकार समिति के सदस्य नियुक्त
श्री मुकेश चौहान सी. जी. एच. एस. की
क्षेत्रीय सलाहकार समिति के सदस्य नियुक्त
इंदौर। केंद्रीय सरकार स्वास्थ्य योजना (सी.जी.एच.एस.) इंदौर के सलाहकार समिति की बैठक आज संपन्न हुई। बैठक में श्री मुकेश चौहान को क्षेत्रीय सलाहकार समिति में सदस्य नियुक्त किए जाने पर समिति के अन्य सदस्यों ने हार्दिक बधाई दी और उम्मीद जतायी कि उनके मनोनयन से इंदौर में सी.जी.एच.एस. सेवाओं का और विस्तार होगा । इंदौर में सी.जी.एच.एस. का वेलनेस सेंटर को आरम्भ करवाने में महत्वपूर्ण भूमिका को देखते हुए सभी सदस्यों का मानना है कि श्री चौहान के पूर्व अनुभव का लाभ वेलनेस सेंटर को मिलेगा तथा इंदौर में सेवारत और सेवानिवृत्त कर्मचारियों के इलाज के लिए एक और वेलनेस सेंटर की सुविधा प्राप्त होने की उम्मीद है ।
इस अवसर पर सी.जी.एच.एस. के वेलनेस सेंटर के प्रभारी डॉक्टर नरेंद्र सिंह बोराना ने बताया कि सभी के संयुक्त प्रयासों से एक और डॉक्टर की पदास्थापना इंदौर में होगी ताकि प्रतिदिन करीब चार से पांच सौ मरीजों का चिकित्सीय परीक्षण और इलाज करने में आसानी होगी। उन्होने बताया कि चिकित्सक की कमी होने से कई बार मरीजों को वापस जाना पड़ता है। एक चिकित्सक की नियुक्ति होने पर विशेषकर पेंशनर्स और दूर से आने वाले मरीजों को सहूलियत होगी ।
बैठक में सलाहकार समिति के सदस्य और सी.जी.एच.एस बेनिफिशरी एसोसिएशन के संस्थापक श्री अरुण कुमार जैन ने कहा कि इस वेलनेस सेंटर पर करीब साढ़े तीन हजार सेवारत और सेवानिवृत्त केंद्रीय कर्मचारी / अधिकारी और उनके परिवारजनों को चिकित्सा सेवा उपलब्ध कराई जा रही है। केंद्रीय सरकार स्वास्थ्य योजना का लाभ वर्तमान और पूर्व सांसद, मंत्री और भी उठाते हैं। चूंकि इंदौर मध्यभारत का मेडिकल हब है और यहां स्तरीय आधुनिक चिकित्सा सुविधा उपलब्ध हैं इसलिए सेवानिवृत्त होने के बाद केंद्रीय कर्मचारी इंदौर में निवास करना पसंद करते हैं। इसलिए केंद्र सरकार को इंदौर में और अधिक स्वास्थ्य सेवाएं तत्काल प्रदान करना चाहिए। श्री जैन ने बताया कि इंदौर में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार के लिए इंदौर, उज्जैन और रतलाम के सांसद भी पूरा प्रयास कर रहे हैं।
इस अवसर पर सलाहकार समिति के सदस्य डाक विभाग के श्री अजय बाफना ने वेलनेस सेंटर में होम्योपैथी डॉक्टर की नियुक्ति करने की आवश्यकता बताई। इस अवसर पर श्री मीणा, श्री बाकलीवाल जी और अन्य सदस्य भी उपस्थित थे। श्री महेंद्र सिंह चौहान ने आभार व्यक्त किया।

पत्नी की हत्या कर शव बोरी में छुपाया, आरोपी ने कबूला जुर्म