सीबीएन की कार्रवाई में एमडी पाउडर की बड़ी ज़ब्ती, गुप्त मादक पदार्थ निर्माण प्रयोगशाला का खुलासा
सीबीएन की कार्रवाई में एमडी पाउडर की बड़ी ज़ब्ती,
गुप्त मादक पदार्थ निर्माण प्रयोगशाला का खुलासा
भोपाल। मध्य प्रदेश में मादक पदार्थों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियानों के तहत केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो (सीबीएन) की मध्य प्रदेश इकाई को बड़ी सफलता प्राप्त हुई है। सीबीएन अधिकारियों ने एक विशेष प्रवर्तन कार्रवाई के दौरान 31.250 किलोग्राम एमडी पाउडर ज़ब्त करते हुए एक गुप्त मादक पदार्थ निर्माण प्रयोगशाला का खुलासा किया है। इस कार्रवाई में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, विश्वसनीय खुफिया सूचना के आधार पर सीबीएन की टीम ने आमला अगर गांव स्थित तीर्थ नर्सरी एंड फार्म्स परिसर में छापा मारा। यह परिसर मुख्य मार्ग से लगभग 3.5 किलोमीटर दूर सुनसान क्षेत्र में स्थित था। कार्रवाई के दौरान दो मंजिला फार्महाउस से तीन व्यक्तियों को हिरासत में लिया गया।
परिसर की तलाशी के दौरान घर के अंदर रखे एक थैले से 31.250 किलोग्राम एमडी पाउडर बरामद किया गया। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने उक्त मादक पदार्थ का निर्माण स्वयं किया था। आरोपियों ने बताया कि नर्सरी परिसर के एक कमरे में अवैध रूप से एमडी पाउडर निर्माण की पूरी व्यवस्था की गई थी।

कार्रवाई के दौरान एमडी पाउडर के निर्माण में प्रयुक्त विभिन्न उपकरण, बर्तन, हैलोजन बल्ब एवं मशीनरी जब्त की गई। इसके साथ ही परिसर के प्रवेश द्वार के पास खड़ी एक महिंद्रा बोलेरो पिकअप वाहन की तलाशी में लगभग 600 किलोग्राम रसायन बरामद किए गए। उक्त वाहन को भी मादक पदार्थों की तस्करी में प्रयुक्त होने के कारण जब्त कर लिया गया है।
पूछताछ में यह भी सामने आया है कि गिरफ्तार किए गए दो आरोपी बड़े पैमाने पर एमडी पाउडर के निर्माण में संलिप्त थे तथा उनके पास 250 से 300 किलोग्राम एमडी पाउडर के निर्माण हेतु पर्याप्त रसायन उपलब्ध थे।
तीनों आरोपियों के विरुद्ध नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रॉपिक सब्सटेंस (एनडीपीएस) अधिनियम, 1985 की संबंधित धाराओं के अंतर्गत प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। मादक पदार्थों के अवैध निर्माण एवं तस्करी से जुड़े नेटवर्क की पहचान कर कठोर कार्रवाई किए जाने हेतु आगे की जांच जारी है।
