रतलाम प्रधान डाकघर मध्य प्रदेश का

सर्वश्रेष्ठ आधार सेवा केंद्र घोषित  

         भोपाल। मध्यप्रदेश डाक परिमंडल में रतलाम जिला मुख्यालय स्थित प्रधान डाक में संचालित आधार सेवा केंद्र को मध्यप्रदेश में सर्वश्रेष्ठ आधार सेवा केंद्र घोषित किया गया है। मध्यप्रदेश डाक परिमंडल में वर्ष 25-26 में 1 अप्रैल से 31 दिसंबर तक की अवधि के लिए परिमंडल के 23 संभागों और 55 जिलों में संचालित आधार सेवा केंद्रों में रतलाम प्रधान डाकघर स्थित आधार सेवा केंद्र को मध्यप्रदेश का सर्वश्रेष्ठ आधार सेवा केंद्र चुना गया है ।    

   भोपाल में विगत 16 जनवरी को आयोजित एक गरिमामय समारोह में मध्यप्रदेश डाक परिमंडल के मुख्य पोस्टमास्टर जनरल श्री विनीत माथुर,  जबलपुर परिक्षेत्र के पोस्टमास्टर जनरल श्री बृजेश कुमार और इंदौर परिक्षेत्र की पोस्ट मास्टर जनरल श्रीमती प्रीति अग्रवाल ने   रतलाम प्रधान डाकघर के अधीक्षक श्री राजेश कुमावत को परिमंडल ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया ।

      श्री राजेश कुमावत ने इस उपलब्धि को रतलाम डाक संभाग के आधार ऑपरेटर्स को समर्पित करते हुए कहा कि उनके समर्पण और निष्ठा से किए गए कार्य का ही यह सुफल है। उन्होने बताया कि लाभार्थियों को आधार से सम्बंधित सेवाएं प्रदान करने के लिए जिला प्रशासन के साथ विद्यालयों के साथ ग्राम पंचायतों आदि में शिविर आयोजित किए गए। आवश्यकता होने पर शिविर का समय भी बढ़ाया गया है और एक से अधिक पालियों भी आधार की सेवाएं प्रदान की गई । श्री कुमावत ने बताया कि रतलाम जिला के सभी आधार सेवा केंद्र आधार सेवाओं के लाभार्थियों को संतोषजनक सेवाएं प्रदन कर रहे हैं और ये केंद्र लाभार्थियों की  पहली पसंद बनते जा रहे हैं ।

      उल्लेखनीय है कि अवकाश को छोड़कर रतलाम प्रधान डाकघर में आधार सेवा केंद्र सोमवार से शनिवार तक प्रातः 7 बजे से रात्रि 7 बजे तक पूरे 12 घंटे अनवरत संचालित होता है। यही वजह है कि रतलाम प्रधान डाकघर के आधार सेवा केंद्र ने पूरे मध्यप्रदेश में अपनी अलग पहचान बनाई है। 

न्यूज़ सोर्स : राजेश कुमावत