भोपाल में अंतरराष्ट्रीय रामायण सम्मेलन में

डॉ. कमल किशोर दुबे की दो पुस्तकों का लोकार्पण

भोपाल। वरिष्ठ साहित्यकार डॉ. कमल किशोर दुबे की दो पुस्तकों का आज भोपाल स्थित तुलसी मानस प्रतिष्ठान में आयोजित चतुर्थ अंतरराष्ट्रीय रामायण सम्मेलन के उद्घाटन सत्र में अतिथियों और देश-विदेश से आए विद्वानों की उपस्थिति में लोकार्पण किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में त्रिपुरा एवं हरियाणा के पूर्व राज्यपाल श्री कप्तान सिंह सोलंकी उपस्थित रहे  जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व सांसद श्री रघुनन्दन शर्मा ने की। इस अवसर पर पूर्व केंद्रीय मंत्री श्री सुरेश पचौरी, ओस्लो (नॉर्वे) के वरिष्ठ साहित्यकार डॉ. सुरेश चन्द्र शुक्ल शरद आलोक तथा रामायण केन्द्र के निदेशक एवं मेला प्राधिकरण मध्यप्रदेश के मुख्य कार्यपालन अधिकारी डॉ. राजेश श्रीवास्तव विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद थे। समारोह में वक्ताओं ने डॉ. दुबे की रचनाओं को जीवन मूल्यों, आध्यात्मिक चिंतन और सकारात्मक दृष्टिकोण को प्रेरित करने वाली कृतियाँ बताया। इस अवसर पर देश-विदेश से आए अनेक विद्वान, साहित्यकार तथा श्रीराम भक्त भी बड़ी संख्या में उपस्थित थे।

      लोकार्पित पुस्तकों में जीवन को श्रेष्ठ कैसे बनायें तथा मानव जीवन की सार्थकता शामिल हैं। पहली पुस्तक में डॉ. दुबे के 32 प्रेरणादायक स्वलिखित आलेख संकलित हैं, जबकि दूसरी पुस्तक में मानव जीवन के आध्यात्मिक और नैतिक पक्षों पर आधारित 28 आलेखों का समावेश है। आज लोकार्पित दोनों पुस्तकें भाषा भारती प्रकाशन, दिल्ली द्वारा प्रकाशित की गई हैं तथा ये अमेज़ॉन पर भी उपलब्ध हैं।

       उल्लेखनीय है कि डॉ. के.के. दुबे पश्चिम मध्य रेलवे के सेवानिवृत्त वरिष्ठ जनसंपर्क अधिकारी हैं। उन्हें मध्यप्रदेश साहित्य अकादमी द्वारा अखिल भारतीय भारतेन्दु हरिश्चन्द्र पुरस्कार से भी सम्मानित किया जा चुका है। विभिन्न साहित्यिक विधाओं में उनकी अब तक 14 पुस्तकें प्रकाशित हो चुकी हैं।

 

न्यूज़ सोर्स : मधुकर पवार