उदयपुर में दिनदहाड़े चेन स्नैचिंग का खुलासा, फूफा-भतीजा गिरफ्तार
उदयपुर। शहर के सुखेर थाना क्षेत्र में बुजुर्ग महिला से चेन स्नैचिंग करने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। यह वारदात सेलेब्रेशन मॉल के पास दिनदहाड़े हुई थी, जिसका वीडियो सीसीटीवी में कैद होने के बाद शहर में चर्चा का विषय बन गया था।
फूफा-भतीजा निकले आरोपी, जंगल से दबोचे गए
पुलिस जांच में सामने आया कि इस वारदात में फूफा और भतीजा शामिल थे। दोनों आरोपियों को ऋषभदेव के जंगलों से शराब के नशे की हालत में गिरफ्तार किया गया। यह कार्रवाई सुखेर थाना पुलिस और जिला स्पेशल टीम (डीएसटी) ने संयुक्त रूप से की।
आरोपियों की पहचान और आपराधिक रिकॉर्ड
जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रभुलाल उर्फ प्रकाश और तरुण मीणा के रूप में हुई है। दोनों पर घटना के बाद 10-10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। तरुण मीणा पहले से सलूम्बर जिले के सेमारी थाने का भगोड़ा है, जबकि प्रभुलाल गुजरात में लूट के मामले में अहमदाबाद जेल जा चुका है।
500 सीसीटीवी फुटेज खंगालने के बाद मिली सफलता
पुलिस ने आरोपियों तक पहुंचने के लिए करीब 500 सीसीटीवी फुटेज खंगाले और सलूम्बर, डूंगरपुर तथा अहमदाबाद सहित कई संभावित ठिकानों पर दबिश दी। लगातार प्रयासों के बाद दोनों आरोपियों को ऋषभदेव के जंगल से पकड़ लिया गया। भागने के दौरान एक आरोपी का पैर भी टूट गया।
बुजुर्ग महिला से लूटी गई थी सोने की चेन
घटना 18 मार्च की सुबह की है, जब आरके सर्कल निवासी राकेश जैन की 75 वर्षीय मां रूप कुंवर भुवाणा स्थित शांतिनाथ जैन मंदिर से दर्शन कर लौट रही थीं। सेलेब्रेशन मॉल के पास बाइक सवार बदमाशों ने उनका पीछा कर घर से कुछ दूरी पहले झपट्टा मारकर करीब 6 तोला सोने की चेन छीन ली और धक्का देकर फरार हो गए। फिलहाल दोनों आरोपियों से पूछताछ जारी है। पुलिस का कहना है कि मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है, ताकि पूरे नेटवर्क का पता लगाया जा सके।

पिछली भिड़ंत में बरसे थे 475 रन, जानें पंजाब किंग्स vs गुजरात टाइटंस के रिकॉर्ड
मध्य प्रदेश में 1 अप्रैल से स्कूलों में बनेंगे बच्चों के आधार कार्ड
अमेरिका ने ईरान की न्यूक्लियर साइट पर 1,000 किलोग्राम बम से हमला किया
बंगाल में कांग्रेस ने खेला मुस्लिम-दलित कार्ड, क्या BJP को होगा नुकसान या Mamata Banerjee को?
‘हिडमा’ के नारों पर सियासत तेज, राहुल गांधी के ट्वीट पर घमासान