विनोद नागर साहित्य गौरव सम्मान से सम्मानित

     भोपाल। राजधानी के वरिष्ठ लेखक, पत्रकार, समीक्षक और स्तंभकार श्री विनोद नागर को उज्जैन में साहित्य गौरव सम्मान से सम्मानित किया गया है। श्री मौनतीर्थ हिन्दी विद्यापीठ द्वारा आयोजित पाँचवे राष्ट्रीय अधिवेशन में उन्हें यह सारस्वत सम्मान प्रदान किया गया। समारोह में महामंडलेश्वर डॉ. सुमनानंद गिरि सहित देश के विभिन्न भागों से आये लेखक एवं साहित्यकार उपस्थित थे।

     इस अवसर पर मध्य प्रदेश नागर ब्राह्मण परिषद की उज्जैन शाखा के अध्यक्ष श्री विजय शर्मा एवं डॉ. ललित नागर के नेतृत्व में नागर ब्राह्मण समाज की ओर से भी श्री नागर का अभिनंदन किया गया। अपने सम्मान के उत्तर में श्री नागर ने कहा कि सम्मान कभी छोटा या बड़ा नहीं होता बल्कि सम्मानित होने के बाद लेखक की जिम्मेदारी और बढ़ जाती है तथा और बेहतर लिखने की प्रेरणा मिलती है।

     श्री नागर सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय की भारतीय सूचना सेवा के वरिष्ठ अधिकारी रहे हैं और दूरदर्शन केंद्र, भोपाल से संयुक्त निदेशक (समाचार) के पद से सेवानिवृत्त होने के बाद पिछले एक दशक से लेखन एवं पत्रकारिता के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय हैं। वे करीब दो दशक तक इन्दौर में आकाशवाणी के संवाददाता भी रहे हैं। इन दिनों वे मध्य प्रदेश प्रेस क्लब के वरिष्ठ उपाध्यक्ष हैं।

     श्री नागर की अभी तक दस पुस्तकें प्रकाशित हो चुकी हैं तथा उन्हें मध्य प्रदेश साहित्य अकादमी का प्रतिष्ठित नरेश मेहता सम्मान-2022 एवं बालकवि बैरागी शिखर सम्मान सहित अन्य कई सारस्वत सम्मान मिल चुके हैं। उनकी शीघ्र प्रकाशित होने वाली पुस्तकों में से दो कृतियाँ समकालीन आकाशवाणी संवाददाताओं और जन संपर्क अधिकारियों के दिलचस्प अनुभवों को समेटे होंगी।

———————————

न्यूज़ सोर्स : श्री विनोद नागर