मित्र को लिखें पत्र और पायें ईनाम  

भोपाल। संचार क्रांति और डिजीटॅल दौर के इस युग में पत्र लिखना लगभग बंद सा हो गया है। डेढ़ – दो दशक पहले तक पोस्ट कार्ड, अंतर्देशीय पत्र और लिफाफा का उपयोग किया जाता रहा है लेकिन इनकी आवश्यकता ही नहीं रह गई है। पत्र लेखन विधा अब केवल परीक्षा तक ही सीमित हो गई है। अब तो ई-मेल से या सोशल मीडिया पर ही संदेश भेजे जाते हैं। ऐसे समय में जब पत्र लिखना लगभग बंद हो गया है, भारतीय डाक विभाग द्वारा स्कूली छात्रों के बीच रचनात्मकता, आलोचनात्मक सोच और पत्र लेखन की कला को बढ़ावा देने के लिए पत्र लेखन प्रतियोगिता आयोजित कर रहा है। हालांकि डाक विभाग हर साल यह प्रतियोगिता आयोजित करता है। इस साल 2026 का विषय है: "डिजिटल दुनिया में मानवीय जुड़ाव क्यों मायने रखता है, इस बारे में अपने किसी मित्र को पत्र लिखें।"

     पत्र लेखन प्रतियोगिता में 9 से 15 वर्ष आयु के मान्यता प्राप्त विद्यालयों/संस्थानों के विद्यार्थी भाग ले सकते हैं। पत्र अंग्रेजी और हिंदी सहित संविधान की आठवीं अनुसूची में सूचीबद्ध कोई भी भाषा लिखा जा सकता है। पत्र हस्तलिखित होना चाहिए। डाक विभाग ने  विद्यालयों से अनुरोध किया है कि वे प्रतियोगिता का आयोजन आंतरिक रूप से करें और चयनित प्रविष्टियों को 20 मार्च 2026 तक अपने-अपने डाक मंडलों को भेज दें। डाक मंडल प्रविष्टियों का मूल्यांकन करके सर्वश्रेष्ठ तीन प्रविष्टियों को 31 मार्च 2026 तक निदेशालय को भेज देंगे। प्रत्येक प्रविष्टि के प्रथम पृष्ठ पर अंग्रेजी और हिन्दी में उम्मीदवार का नाम, उम्मीदवार की पासपोर्ट आकार की फोटो, जन्म तिथि, छात्र/छात्रा,  पिता/अभिभावक का नाम, विद्यालय/संस्थान का नाम और पूरा पता तथा डाक का पूरा पता लिखा जाना चाहिए।

            पत्र लेखन प्रतियोगिता राज्य और राष्ट्रीय स्तर की आयोजित की जाएगी राज्य स्तर की प्रतियोगिता के प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को क्रमश: 25,000, 10,000 और 5000 रूपये का पुरस्कार और प्रमाणपत्र पदान किया जाएगा। राज्य स्तर की प्रतियोगिता के विजेता विद्यार्थियों की पृविष्टियों को राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए भेजा जाएगा। राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में प्रथम पुरस्कार 50,000 रुपये, द्वितीय पुरस्कार 25,000 रुपये और तृतीय पुरस्कार 10,000 रुपये का होगा। सर्वश्रेष्ठ राष्ट्रीय प्रविष्टि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व करेगी, जहां यूपीयू पदक (स्वर्ण, रजत, कांस्य), प्रमाणपत्र और अन्य पुरस्कार प्रदान करेगा। स्वर्ण पदक विजेता को यूपीयू मुख्यालयबर्न, स्विट्जरलैंड की यात्रा या कोई अन्य पुरस्कार भी मिल सकता है।

      पत्र लेखन प्रतियोगिता से सम्बंधित अधिक जानकारी के लिए छात्र, अभिभावक और विद्यालय मुख्य डाक महानिरीक्षक/डाक सेवा निदेशक/नोडल अधिकारी से संपर्क कर सकते हैं। डाक विभाग की वेबसाइट www.indiapost.gov.in पर अतिरिक्त जानकारी उपलब्ध है।