क्या आप 30 वर्ष से अधिक आयु के हैं ...?

तो यह खबर आपके लिये है.....

 

नई दिल्ली। भारत में वर्तमान समय में गैर-संचारी रोगों (एनसीडी) जैसे मधुमेह, उच्च रक्तचाप और कैंसर के रोगियों की संख्या में साल – दर – साल इजाफा होते जा रहा है। इन रोगों से प्रभावित होने वालों में युवाओं की संख्या भी काफी है। कोरोना के बाद तो युवाओं में उक्त बीमारियों के अधिक लक्षण दिखाई दे रहे हैं। गैर-संचारी रोगों के बढ़ते मामलों को देखते हुए केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय ने गैर-संचारी रोगों की जांच के लिए एक विशेष जांच अभियान शुरू किया है। गत दिवस 20 फरवरी से शुरू हुआ यह अभियान अगले महीने 31 मार्च तक चलेगा। इस महत्वाकांक्षी अभियान का मुख्य उद्देश्य मधुमेह व उच्च रक्तचाप के साथ-साथ ओरल, ब्रेस्ट व सर्वाइकल कैंसर जैसे  गैर-संचारी रोगों के उपचार के लिए 30 वर्ष और उससे अधिक आयु के शत प्रतिशत व्यक्तियों की जांच करना है।

    इस अभियान के तहत प्रशिक्षित आशा, एएनएम और अग्रिम पंक्ति के कार्यकर्ता ज्यादा से ज्यादा जांच सुनिश्चित करने के लिए सामुदायिक दौरे करेंगे तथा लोगों के घरों तक पहुंचकर उन्हें जांच के लिये प्रोत्साहित करंगे। देश के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों के सभी स्वास्थ्य केंद्रों पर बीपी मॉनिटर, ग्लूकोमीटर और आवश्यक दवाओं सहित आवश्यक चिकित्सा आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है। अभियान के सुचारू रूप से संचालन और क्रियान्वयन के लिए स्वास्थ्य केंद्रों, विकासखंडों, जिला और राज्य स्तर पर नोडल अधिकारी नियुक्त किए गए हैं । अभियान के दौरान किए गए परीक्षण और इससे सम्बंधित अन्य जानकारी प्रतिदिन शाम 6 बजे तक मंत्रालय को उपलब्ध कराएंगे जिससे निरंतर निगरानी और तकनीकी सहायता मिल सकेगी।

  यह देखा गया है कि मधुमेह, उच्च रक्तचाप और कैंसर के होने का पता जांच के बाद ही चलता है। जांच के बाद ही पता चलता है कि सम्बंधित व्यक्ति मधुमेह और उच्च रक्तचाप से पीड़ित है। कैंसर के मामले में तो और भयावह स्थिति है... कई मामलों में तो रोगी को अंतिम चरण पर पता चलता है जब तक काफी देर हो चुकी होती है। इसलिये केंद्र सरकार की इस पहल से निश्चित ही बड़ी संख्या में देशवासी रोगी होने पहले ही इलाज करा सकेंगे।

 

जांच के लिये क्या करें ...

यदि आप 30 वर्ष या इससे अधिक की आयु के हैं तो अपने नजदीकी शासकीय स्वास्थ्य केंद्र पर जाकर मधुमेह, उच्च रक्तचाप और कैंसर की जांच करवा सकते हैं। ये जांचे पूरी तरह नि:शुल्क है। स्वास्थ्य केंद्र पर जाते समय अपने साथ आधार कार्ड, परिवार के मुखिया की जानकारी, स्वास्थ्य ब्बीमा, यदि इलाज चल रहा हो तो आदि जानकारी देनी होगी।   

******************

न्यूज़ सोर्स : पसूका