पावन पर्व महाशिवरात्रि की आपको हार्दिक बधाई.. शुभकामनाएं

 प्रयागराज:  आज महाशिवरात्रि का पावन पर्व देश भर में हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है। आज ही प्रयागराज महाकुंभ का समापन महाशिवरात्रि स्नान के साथ होने वाला है। महाशिवरात्रि के अववर पर आस्था की डुबकी लगाने देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु प्रयागराज पहुंच रहे हैं। मंगलवार रात से ही त्रिवेणी संगम पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ दिखाई दे रही थी । महाकुम्भ के अंतिम दिन आज बुधवार को अल-सुबह से ही श्रद्धालु पवित्र संगम और विभिन्न घाटों पर  डुबकी लगा रहे हैं। प्रयागराज में पहुंचे बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं को देखते हुए उत्तरप्रदेश शासन और मेला प्रशासन ने सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए  हैं। संगम में स्नान कर रहे श्रद्धालुओं पर हेलीकॉप्टर से फूलों की बारिश की गई। मेला में व्यवस्था बनाए रखने के लिए बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है।  

    जूना अखाड़ा के आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी अवधेशानंद गिरि महाराज ने महाकुंभ के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि लगभग आधे भारत की आबादी ने इस आयोजन में भाग लिया है। इससे दुनिया के सामने भारत की समृद्ध सभ्यता और संस्कृति की झलक दिखाई दी। महाकुंभ में लोगों की भागीदारी भारत की आध्यात्मिकता का प्रमाण है। यह आयोजन देश की एकता और विविधता को भी दर्शाता है। महाकुंभ जैसे आयोजन भारतीय संस्कृति को जीवंत रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इस पर्व के माध्यम से लोगों को धार्मिक और सांस्कृतिक रूप से जुड़ने का अवसर मिलता है। स्वामी जी ने महाकुंभ के सफल आयोजन के लिए सभी सहयोगियों और श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने आशा व्यक्त की कि भविष्य में भी ऐसे आयोजन इसी प्रकार सफल रहेंगे। इससे भारतीय संस्कृति और परंपराओं का प्रचार-प्रसार होता रहेगा।

दोपहर तक सवा करोड़ से अधिक श्रद्दालुओं ने किया स्नान

महाकुंभ मेला के आखिरी दिन दोपहर तक करीब सवा करोड़ लोगों ने पवित्र त्रिवेणी में आस्था की डुबकी लगाई। लोगों का प्रयागराज पहुंचना लगातार जारी है। सरकार और प्रशासन की ओर से आंकड़ा दो करोड़ पार करने की उम्मीद है। 11 जनवरी को महाकुंभ मेला की शुरुआत के बाद से 25 फरवरी तक 64 करोड़ करोड़ 77 लाख श्रद्धालुओं ने पवित्र त्रिवेणी में आस्था की डुबकी लगाई। महाशिवरात्रि स्नान पर्व की शुरुआत के साथ ही आंकड़ा 65 करोड़ को पार कर गया है।    

काशी में भी भारी संख्या में पहुंचे श्रद्धालु

काशी में महाशिवरात्रि के मौके पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे हैं। मंगलवार देर शाम से देश भर से पहुंचे श्रद्धालु बाबा विश्वनाथ का दर्शन-पूजन कर रहे हैं। बुधवार सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ काशी में उमड़ रही है। काशी विश्वनाथ मंदिर प्रशासन द्वारा महाशविरात्रि पर मंदिर में होने वाले सभी कार्यक्रमों का सीधा प्रसारण किया जा रहा है।