आध्यात्मिक कल्याण महापदयात्रा में भारी संख्या में उमड़े श्रद्धालु

चित्तौड़गढ़ 01 जून मेवाड़ के प्रसिद्ध श्री शेषावतार कल्लाजी वेदपीठ के 20 वें कल्याण महाकुंभ के उपलक्ष्य में ज्येष्ठ शुक्ला षष्टी आज रविवार को निकाली गई ‎‎आध्यात्मिक कल्याण महापदयात्रा में नौ तपा होने के बावजूद श्रद्धा का ‎‎सैलाब उमड़ पड़ा। महापदयात्रा कल्याण नगरी ‎‎निंबाहेड़ा स्थित ठाकुरजी के मंदिर से प्रातः 4‎ बजे रवाना होकर चित्तौड़गढ़ पहुंची। इस दौरान भक्तों द्वारा मार्ग में जगह - जगह ठाकुर जी के रथ की पूजा अर्चना की गई। पदयात्रियों के नेहरू पार्क पहुंचने पर बैंडबाजों, डीजे साउंड एवं मालवी ढोल की थाप के साथ शोभायात्रा प्रारंभ की गई, जो कलेक्ट्री चौराहा, रोडवेज बस स्टेंड, सुभाष चौक, गोल प्याऊ, सदर बाजार, गांधी चौक, मिठाई बाजार और लक्ष्मीनाथ मंदिर होते हुए पाडन पोल पहुंची।

      महा पदयात्रा का मुख्य आकर्षण जन जन के आराध्य ठाकुर श्री कल्लाजी का सुसज्जित रथ रहा। शोभायात्रा में श्रद्धालु ठाकुर जी के गगन भेदी जयकारा लगाते हुए चल रहे थे। पदयात्रा में शामिल हजारों कल्याण पदयात्रियों के साथ ही वेद विद्यालय के बटुक, वीर वीरांगना, कृष्णा शक्ति दल की माता बहनों ने जब दुर्ग पर प्रवेश किया तो ऐसी अनुभूति हुई, मानो एक बार फिर चतुरंगिनी सेना दुर्ग पर कूच कर रही हो। 

दुर्गराज का चरण पूजन 

     वेदपीठ की परम्परानुसार पदयात्रियों एवं श्रद्धालुओं द्वारा दुर्ग राज की चरण पूजा में बड़ी संख्या में भक्तों ने पूजा अर्चना के साथ मेवाड़ के वीर-वीरांगनाओं को पुष्पाजंलि अर्पित की। इस दौरान दुर्ग की चरण पूजा वेदपीठ के आचार्यों, ‎बटुकों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ करवाई गई। सभी पदयात्री द्वितीय दरवाजे के बाद स्थित ठाकुर श्री कल्लाजी और जयमल जी की छतरी पर लोक देवताओं की ओर से श्रद्धालुओं द्वारा कल्याण रथ की पूजा की गई। वहीं ठाकुर जी के रथ की ओर से जयमल कल्लाजी की पूजा अर्चना कर सर्वत्र खुशहाली की कामना की गई। सभी पदयात्री दर्शन कर स्काउट गाइड मुख्यालय पहुंचे। वहां से सभी पदयात्रियों को बस द्वारा कल्याण नगरी के लिए रवाना किया गया। ‎‎‎‎‎‎

जगह-जगह हुआ स्वागत 

‎‎‎‎‎‎‎   आध्यात्मिक कल्याण महापदयात्रा का जेके चौराहा, शारदा फिलिंग स्टेशन, पांडेय रोड लाइंस, सतखण्डा, भावलिया के साथ ही शंभूपुरा में माहेश्वरी समाज, श्याम रंगीला भजन मित्र मंडल, अरनियापंथ, पलोड़, जागेटिया एवं कोठारी परिवार, न्यायिक कर्मचारी संघ, बार एसोसिएशन, तेनगरिया परिवार, श्री छपनिया भैरू सेवा समिति, मीरा स्मृति संस्थान,‎ अम्बा माता सेवा समिति, सोनी एवं मूंदड़ा परिवार, भाटिया एण्ड कंपनी, ओछड़ी के ग्रामीणों सहित विभिन्न धार्मिक, सामाजिक, राजनैतिक संगठनों द्वारा मार्ग में जगह-जगह पदयात्रियों के स्वागत के साथ ही रथ की पूजा की गई। वहीं शक्ति एवं भक्ति की पावन धरा पर प्रवेश के साथ ही धार्मिक, सामाजिक, राजनीतिक संस्थाओं, औद्योगिक प्रतिष्ठानों द्वारा पग -पग पर ठाकुर रथ व पदयात्रियों का पलक पांवड़े बिछाकर स्वागत किया। इस दौरान नगर के जनप्रतिनिधियों ने भी ठाकुर श्री की पूजा अर्चना की। जिनमें सहकारी भूमि विकास बैंक के अध्यक्ष बद्रीलाल जाट, फीट क्लब के अध्यक्ष अनिल सिसोदिया एवं टीम, विधायक चन्द्रभानसिंह आक्या एवं उनके सहयोगी, उपनिदेशक पशुपालन डॉ सुमेरसिंह सहित कई व्यापारियों ने भी मार्ग में जगह जगह पुष्प वर्षा कर आत्मिक स्वागत एवं अभिन्दन किया। 

दुर्ग का चरण पूजन मुख्य आकर्षण का केंद्र रहा

     सभी पदयात्रियों ने दुर्ग राज को नमन करते हुए पवित्र माटी का तिलक लगा कर यहां बाग सिंह जी की छतरी पर पूजा कर समस्त पदयात्रियों ने दुर्गराज के चरण की वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजा अर्चना कर कल्लाजी व जयमल जी की छतरी पर दर्शन किए। जहां पुजारियों व महंतो द्वारा ठाकुरजी के रथ की पूजा अर्चना कर सर्वत्र खुशहाली की मनोकामना की तथा वैदिक मंत्रों के साथ पूजा अर्चना की। इस बीच ठाकुरजी की ओर से भी दोनों छतरी पर पूजा अर्चना की । 

 

नन्हे वीर वीरांगनाओं ने किया शौर्य का प्रदर्शन

     कल्लाजी के रण बांकुरों के रूप में नन्हें वीर वीरांगनाओं ने तलवार बाजी की तथा मुग्दल के साथ मार्ग में जगह जगह हैरत अंगेज प्रदर्शन कर लोगों को अचंभित कर दिया। मालवीय ढोल की ताल पर अखाड़े का प्रदर्शन देख लोग दांतो तले अंगुलियां दबाने पर मजबूर हो गए।

 

न्यूज़ सोर्स : राम प्रसाद मूंदड़ा