एम्स भोपाल में मोबाईल एप से ओनलाईन अपाईंटमेंट के साथ अनेक डिजीटल सुविधाएं
एम्स भोपाल में मोबाईल एप से
ओनलाईन अपाईंटमेंट के साथ अनेक डिजीटल सुविधाएं
भोपाल। मध्यप्रदेश के साथ अन्य राज्यों से भोपाल स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में इलाज के लिए आने वाले मरीजों को घर से ही ओनलाईन अपाईंटमेंट लेने के लिए शुरू किए गये एम्स भोपाल स्वास्थ्य (AIIMS BHOPAL SWASTHYA) मोबाईल एप को अच्छा प्रतिसाद मिल रहा है। इस एप से ओनलाईन अपाईंटमेंट के साथ लैब रिपोर्ट तुरंत अपने मोबाइल पर देख और डाउनलोड की जा सकती है । ओपीडी शेड्यूल, डॉक्टर की उपलब्धता, कक्ष संख्या और सेवा शुल्क की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। इसके अलावा चिकित्सक से परामर्श के दौरान मिले डिजिटल प्रिस्क्रिप्शन को भी सीधे ऐप में देख सकते हैं। यह ऐप आयुष्मान भारत हेल्थ अकाउंट (ABHA ID) बनाने और लिंक करने की सुविधा भी प्रदान करता है, जिससे मरीज अपनी डिजिटल स्वास्थ्य पहचान को सुरक्षित रख सकते हैं। साथ ही, मरीज अपनी अपॉइंटमेंट और सेवाओं की स्थिति रीयल-टाइम में ट्रैक कर सकते हैं। एम्स भोपाल स्वास्थ्य एप पर भुगतान की जानकारी और रसीदें भी देख सकते हैं ।
इस डिजिटल बदलाव को सफलतापूर्वक लागू करने के लिए एम्स भोपाल ने अपने बुनियादी ढांचे को भी सुदृढ़ किया है। इसके अंतर्गत आभा आईडी आधारित स्कैन एवं शेयर तकनीक से युक्त समर्पित रजिस्ट्रेशन काउंटर स्थापित किए गए हैं। साथ ही पुनःआगमन और रेफरल के लिए अलग काउंटर बनाए गए हैं, जिससे मरीजों की प्रतीक्षा अवधि कम हुई है। इस पहल के परिणाम अत्यंत सराहनीय रहे हैं। पिछले तीन वर्षों में, एम्स भोपाल ने 1,70,944 आभा आईडी का पंजीयन किया है, जो मध्यप्रदेश की कुल आभा आईडी का 80 प्रतिशत से भी अधिक है। इस पहल की सफलता पर एम्स भोपाल के कार्यपालक निदेशक प्रो. (डॉ.) अजय सिंह ने कहा, “एम्स भोपाल में हम केवल डिजिटल तकनीकों को नहीं अपना रहे हैं, बल्कि स्वास्थ्य सेवा की पूरी प्रणाली को नए सिरे से गढ़ रहे हैं। स्वास्थ्य ऐप और हमारी व्यापक डिजिटल स्वास्थ्य पहल का उद्देश्य प्रत्येक मरीज को सुलभ, जवाबदेह और पारदर्शी सेवाएं प्रदान करना है। प्रतीक्षा समय को कम करके, डेटा सुरक्षा को मजबूत बनाकर और मरीजों को डिजिटल टूल्स से सशक्त करके, हम एक ऐसा स्वास्थ्य तंत्र बना रहे हैं जो डिजिटल इंडिया की आकांक्षाओं को पूर्ण करता है।
एप डाऊनलोड कैसे करें
एम्स भोपाल स्वास्थ्य - AIIMS BHOPAL SWASTHYA ऐप अपने एंड्राईड मोबाईल पर गूगल प्ले स्टोर और एप्पल ऐप स्टोर पर निःशुल्क डाउनलोड कर सकते हैं। डाऊनलोड करने के बाद ओनलाईन अपाईंटमेंट लेने के लिए एप में दी गई प्रक्रिया को अपनाकर पंजीयन करना होगा। ओनलाईन अपाईंटमेंट लेने के लिए अपना मोबाईल नम्बर दर्ज करने के बाद ओटीपी सबमिट करते ही एप पर अपाईंटमेंट, आभा, लेब रिपोर्ट, ओपीडी इंक्यवारी, बिल, डिस्चार्ज सहित 20 सेवाएं दिखाई देंगी। आप अपनी आवश्यकतानुसार एप का उपयोग कर सकते हैं।
************************
