क्या आप बच्चों के लिए खिलौने खरीदने जा रहे हैं ?
क्या आप बच्चों के लिए खिलौने खरीदने जा रहे हैं ?
भोपाल। आमतौर पर अधिकांश अभिभावक अपने बच्चों के लिए खिलौने खरीदते समय खिलौने के पर्यावरणीय प्रभाव को बहुत कम महत्व देते हैं। माता-पिता जहां खिलौने की कीमत, टिकाऊपन, आकर्षण और सुरक्षा जैसे पहलुओं को प्राथमिकता देते हैं, वहीं पर्यावरणीय-अनुकूल (इको-फ्रेंडली) खिलौनों को अक्सर नजरअंदाज कर देते हैं।
अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) भोपाल के नर्सिंग महाविद्यालय में एमएससी पीडियाट्रिक नर्सिंग की छात्रा प्रगति कुमारी द्वारा किए गए अध्ययन से यह निष्कर्ष निकला है। यह अध्ययन 5 वर्ष तक की आयु के बच्चों के लिए खिलौनों के चयन को प्रभावित करने वाले कारकों की पहचान पर केंद्रित था। भोपाल के बरखेड़ा पठानी क्षेत्र में किए गए अध्ययन में नमूनाकरण के माध्यम से कुल 251 अभिभावकों को शामिल किया गया। अध्ययन में पाया गया कि खिलौनों के चयन में माता-पिता के लिए प्रमुख कारक थे – कीमत (66.9%), टिकाऊपन (56.6%), आकर्षण (48.2%), आयु उपयुक्तता (45.4%), सुरक्षा संबंधी चिंताएं जैसे छोटे पुर्जे या नुकीले किनारे (43.4%), सौंदर्यात्मक मूल्य (37.8%), बच्चे की क्षमताएं (36.7%) और उसकी रुचियां (34.7%)। विकासात्मक और शैक्षिक पहलुओं में शारीरिक गतिविधि को बढ़ावा देना (34.3%) और सामाजिक मेलजोल (32.7%) भी शामिल थे। हालांकि, केवल 64.1% मामलों में ही पर्यावरणीय प्रभाव को प्राथमिकता दी गई, जो दर्शाता है कि अधिकांश अभिभावक इस पहलू को गंभीरता से नहीं लेते। अन्य कारकों में बच्चे का लिंग (33.1%), खिलौने की लोकप्रियता (33.5%) और आकार (32.3%) का प्रभाव अपेक्षाकृत कम था। माता-पिता के निर्णय बच्चे की आयु, लिंग, स्वयं माता-पिता की आयु, घर में निर्णय लेने वाला व्यक्ति, बच्चों की संख्या, पारिवारिक संरचना और सामाजिक-आर्थिक स्थिति जैसे पहलुओं से भी प्रभावित पाए गए। विशेषज्ञों का मानना है कि यह निष्कर्ष न केवल अभिभावकों के लिए, बल्कि स्वास्थ्य सेवा प्रदाताओं, शिक्षकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और खिलौना निर्माताओं के लिए भी उपयोगी हैं। उनका कहना है कि यदि खिलौनों के चयन में पर्यावरणीय दृष्टिकोण को भी शामिल किया जाए, तो यह न केवल बच्चों के सुरक्षित और स्वस्थ विकास में सहायक होगा, बल्कि पर्यावरण संरक्षण में भी योगदान देगा।
