20-20-20 के नियम से रखें अपनी आंखों को स्वस्थ

भोपाल। मोबाईल और कंप्यूटर पर अधिक समय बिताने से आँखों में थकान, जलन, सूखापन और धुंधलापन जैसी समस्याएं होती हैं, जिसे डिजिटल आई स्ट्रेन या कंप्यूटर विजन सिंड्रोम कहा जाता है। इसके अलावा, मायोपिया (निकट दृष्टि दोष) का खतरा बढ़ सकता है और आँखों की प्राकृतिक नमी भी कम हो सकती है। आँखों पर लगातार दबाव के कारण सिरदर्द होना एक आम लक्षण है। स्क्रीन पर लगातार देखने से पलकें कम झपकने के कारण आँखें सूख जाती हैं, जिससे जलन और खुजली होती है।  इसलिए अपनी आंखों को स्वस्थ रखने के लिए 20-20-20 नियम का पालन करना चाहिए इस नियम के तहत  हर 20 मिनट पर कम से कम 20 सेकंड के लिए लगभग 20 फीट दूर किसी वस्तु को देखना चाहिए। इससे आंखों की मांसपेशियों को आराम मिलता है और सूखापन, जलन या धुंधला दिखने जैसी समस्याओं से बचाव होता है।

  अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) भोपाल के नेत्र रोग विभाग की प्रोफेसर डॉ. भावना शर्मा ने मरीजों और उनके परिजनों को आंखों की देखभाल और दृष्टि सुरक्षा के बारे में विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि आंखों को साफ रखने, धूप के चश्मे पहनने और स्वस्थ जीवनशैली के साथ नियमित जांच और स्वस्थ आदतें अपनाकर आंखों की बीमारियों से बचा जा सकता है।