भोपाल सहित मध्यप्रदेश में देर रात

गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना

भोपाल। मध्यप्रदेश के अनेक जिलों में मौसम ने फिर करवट ली है। मौसम विभाग ने भोपाल सहित मध्यप्रदेश के कई जिलों में आधी रात के दौरान गरज-चमक, बिजली गिरने और तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना जताई है। कुछ क्षेत्रों में हवा की रफ्तार 60 किलोमीटर प्रतिघंटा तक पहुंच सकती है, जबकि कई जिलों में 40 किलोमीटर प्रतिघंटा तक तेज झोंके चलने के आसार हैं।

     मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण गुना, राजगढ़, अनूपपुर, अमरकंटक तथा शहडोल क्षेत्र में मध्यम तीव्रता के गरज-चमक वाले बादल सक्रिय रहेंगे। इन इलाकों में बिजली गिरने के साथ 60 किलोमीटर प्रतिघंटा तक की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। प्रशासन ने लोगों से खुले स्थानों पर न रुकने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है।

        इसी के साथ  भोपाल, बैरागढ़, श्योपुरकलां, शिवपुरी, अशोकनगर, विदिशा, सागर, नरसिंहपुर, दमोह, जबलपुर, भेड़ाघाट, सिवनी, बालाघाट, मंडला, कान्हा क्षेत्र, डिंडोरी, उमरिया, बांधवगढ़, कटनी, निवाड़ी, ओरछा, टीकमगढ़, छतरपुर, खजुराहो, पन्ना टाइगर रिजर्व, सतना, चित्रकूट, मैहर, रीवा, मऊगंज, सीधी और सिंगरौली में हल्के गरज-चमक वाले बादल बन सकते हैं। इन क्षेत्रों में बिजली चमकने तथा 40 किलोमीटर प्रतिघंटा तक की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है। जबलपुर, रीवा, सतना, सागर और शहडोल संभाग के कई जिलों में भी मौसम का असर देखने को मिल सकता है।

      मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि वातावरण में नमी बढ़ने और पश्चिमी विक्षोभ के असर से प्रदेश में अस्थिर मौसम बना हुआ है। इसी कारण कई जिलों में बादल, गरज-चमक और तेज हवाओं की स्थिति बन रही है। प्रदेश में अगले कुछ घंटों तक मौसम का यह बदला हुआ मिजाज बना रह सकता है।