संवाद और सम्पर्क के चितेरे संजय अग्रवाल की पुस्तक 365 का विमोचन
संवाद और सम्पर्क के चितेरे
संजय अग्रवाल की पुस्तक 365 का विमोचन
भोपाल, 17 अगस्त। चिंतक और संवाद व सम्पर्क के लिए अपनी एक अलग पहचान बनाने वाले आयकर विभाग के संयुक्त निदेशक श्री संजय अग्रवाल की पहली कृति 365 का एक गरिमामय समारोह में लोकार्पण हुआ। भोपाल में दुष्यंत कुमार पाण्डुलिपि संग्रहालय के राज सदन सभागृह में आयोजित लोकार्पण समारोह में गीता मर्मज्ञ सेवानिवृत्त आई.ए.एस. श्री ओमप्रकाश श्रीवास्तव मुख्य अतिथि थे। सेवानिवृत्त पुलिस महानिदेश्क श्री एस.सी. त्रिपाठी ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की। आयुक्त श्री राजकुमार घोष विशिष्ट अतिथि थे। पूर्व कुलपति प्रो. आशा शुक्ला ने पुस्तक 365 की समीक्षा प्रस्तुत की। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में साहित्यकार, गणमान्य नागरिक और मीडियाकर्मी मौजूद थे।
कार्यक्रम में सभी वक्ताओं ने श्री संजय अग्रवाल पुस्तक 365 में मानवीय सम्बंधों और प्रतिदिन उपयोग में आने वाले विभिन्न विषयों को बहुत ही सरल, सहज और सकारात्मक रूप से काव्यात्मक शैली में अभिव्यक्त किया है। उनका मानना है कि यदि पाठक पुस्तक 365 को एकाग्रचित होकर पढ़ेगा तो उसकी अनेक समस्याओं का वह स्वयं निराकरण कर सकता है। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि श्री त्रिपाठी ने कहा कि पुस्तक का शीर्षक ही बेहद आकर्षक है और इसमें प्रकाशित सभी चिंतन का सम्बंध प्रत्येक मनुष्य से है। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे श्रीयुत श्रीवास्तव ने कहा कि श्री अग्रवाल संवाद और सम्पर्क की कला में निपुण हैं और उन्होने सूक्ष्म मानवीय सम्बंधों को चिंतन के रूप में संजोया है। श्री राजकुमार घोष ने श्री अग्रवाल की सराहना करते हुए कहा कि वे अपने विभागीय दायित्वों को पूरी दक्षता के साथ पूरा करते हुए प्रतिदिन चिंतन के माध्यम से अपने सामाजिक दायित्व का भी निर्वहन कर रहे हैं। प्रो. आशा शुक्ला ने पुस्तक की समीक्षा करते हुए कहा कि श्री अग्रवाल ने अपने चिंतन में उन विषयों को गहराई से सरल भाषा में लिखा है जिसका आम व्यक्ति का सीधा सम्बंध होता है।
कार्यक्रम का संचालन डा. अल्पना वर्मा ने तथा श्री मनोज गुप्ता ने आभार व्यक्त किया।

भोपाल में मौसम का सबसे गर्म दिन, पारा 42.4 डिग्री, प्रदेश के कई शहरों में भीषण गर्मी