अमेरिका के लिए डाक सेवाएं

25 अगस्त से निलम्बित  

नई दिल्ली। अमेरिका द्वारा अंतर्राष्ट्रीय शिपिंग के नियमों में किए गए बदलाव का भारत पर भी असर पड़ रहा है । अमेरिकी प्रशासन ने 30 जुलाई, 2025 को एक कार्यकारी आदेश जारी किया है जिसके तहत  800 अमेरिकी डॉलर तक के मूल्य के सामानों पर शुल्क-मुक्त न्यूनतम  छूट 29 अगस्त, 2025 से वापस ले ली जाएगी। परिणामस्वरूप, अमेरिका जाने वाले हवाई वाहकों ने परिचालन और तकनीकी तैयारी की कमी का हवाला देते हुए सोमवार, 25 अगस्त के बाद डाक खेप स्वीकार करने में अपनी असमर्थता व्यक्त की है। इसी के मद्देनजर डाक विभाग ने 25 अगस्त से अमेरिका जाने वाली सभी प्रकार की डाक वस्तुओं की बुकिंग अस्थायी रूप से निलंबित करने का निर्णय लिया है। हालाकि उन पत्रों/दस्तावेजों और उपहार वस्तुओं के जिनका मूल्य 100 अमेरिकी डॉलर तक है। इन छूट प्राप्त श्रेणियों को सीबीपी और यूएसपीएस से आगे स्पष्टीकरण मिलने के बाद, अमेरिका में स्वीकार और भेजा जाना जारी रहेगा।

     डाक विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिन ग्राहकों ने पहले ही ऐसी सामग्री बुक कर ली है जो इन परिस्थितियों के कारण अमेरिका नहीं भेजी जा सकती, वे डाक शुल्क वापसी की मांग कर सकते हैं। डाक विभाग ग्राहकों को हुई असुविधा के लिए गहरा खेद व्यक्त करता है। डाक विभाग ने उम्मीद जताई है कि अमेरिका के लिए पूर्ण सेवाएँ जल्द से जल्द बहाल हो जाएगी। इसके लिये हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।

 

न्यूज़ सोर्स : PIB