पेंशन भोगियों को राहत ....... घर बैठे जमा करें जीवन प्रमाणपत्र
पेंशन भोगियों को राहत
घर बैठे जमा करें जीवन प्रमाणपत्र
भोपाल। नवम्बर का महीना पेंशनरों के लिए बेहद अहम होता है। सरकारी सेवा से सेवानिवृत्त हुए पेंशनभोगियों को हर साल नवम्बर माह में अपने जीवित होने का प्रमाण देना होता है। इसके लिये उन्हें जहाँ से पेंशन का भुगतान होता है यानी जिस बैंक अथवा डाकघर से पेंशन मिलती है, उन्हें वहां जाकर फार्म भरकर देना होता है। लेकिन पिछले तीन - चार वर्षों से केंद्र सरकार द्वारा डिजीटल जीवन प्रमाण के जरिए घर बैठे ही जीवन प्रमाणपत्र जमा करने की सुविधा शुरू की है जिससे लाखों पेंशनभोगियों को काफी राहत मिल गई है। इस साल भी राष्ट्रव्यापी डिजीटल जीवन प्रमाण अभियान 01 नवंबर से शुरू हो गया है । इस अभियान के तहत केंद्र और राज्य सरकार के पेंशनभोगी घर बैठे ही अपना जीवन प्रमाणपत्र जमा कर सकेंगे।
आधिकारिक जानकारी के अनुसार के तहत देश के करीब 2,000 शहरों और कस्बों में निवास कर रहे दो करोड़ से अधिक पेंशनभोगियों को इस अभियान के माध्यम से घर बैठे ही जीवन प्रमाण पत्र जमा करवाने का लक्ष्य रखा गया है। इस अभियान में आधार-आधारित फेस ऑथेंटिकेशन तकनीक का उपयोग किया जाता है जिससे पेंशनभोगियों को बायोमेट्रिक उपकरणों पर निर्भर नहीं होना पड़ेगा और वे स्मार्ट फोन के जरिये घर बैठे ही आसानी से अपना जीवन प्रमाणपत्र जमा कर सकेंगे। इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक की घर पहुंच डिजीटल जीवन प्रमाण सेवा के माध्यम से अति-वरिष्ठ और दिव्यांग पेंशनभोगियों को उनके घर पर ही जीवन प्रमाण पत्र जमा करने की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
जीवन प्रमाण एप का करें उपयोग
घर बैठे ही अपने स्मार्ट / एंड्राएड मोबाईल से जीवन प्रमाण पत्र जमा करने के लिए आपको सबसे पहले प्ले स्टोर से जीवन प्रमाण – Jeevan Pramaan एप डाऊनलोड करना होगा । चूंकि जीवन प्रमाण पत्र के लिए यह आधार आधारित एप है इसलिए आधार फेस आरडी एप भी डाऊनलोड करना होगा। आधार फेस आरडी एप दिखाई नहीं देगा लेकिन इसके बगैर जीवन प्रमाण पत्र जमा करने की प्रक्रिया पूरी नहीं की जा सकेगी ।
सबसे पहले जीवन प्रमाण एप को खोलें । जैसे ही एप को खोलेंगे, स्क्रीन पर आधार, मोबाईल नम्बर और ईमेल का विकल्प दिखाई देगा। अब आधार नम्बर, मोबाईल नम्बर जो आधार से लिंक है, लिखने के बाद अपना ईमेल लिखें। हो सकता है बुजुर्ग पेंशनभोगी का ईमेल न हो तो घर के किसी भी सदस्य का ईमेल का उपयोग कर सकते हैं। आधार, मोबाईल नम्बर और ईमेल लिखने के बाद सबमिट को क्लिक करना है। सबमिट करते ही मोबाईल पर ओटीपी आएगा जिसे नीचे इंटर ओटीपी के स्थान पर लिखकर सबमिट करते ही पेंशनर की पूरी जानकारी दिखाई देगी। पुष्टि करने के बाद नेक्स्ट पर क्लिक करें। उसके बाद सबमिट का विकल्प दिखाई देगा। सबमिट करते ही स्केन को क्लिक करना होगा । स्केन को दबाते ही कैमरा खुल जाएगा। यहां ध्यान देना चाहिये कि मोबाईल को एक फुट से अधिक दूरी पर रखें और अपना चेहरा सामने रखकर आंखों की पलकों को बार - बार खोलें और बंद करें। ऐसा करते ही मोबाईल पर सफलतापूरवक जीवन प्रमाणपत्र जमा करने का संदेश दिखाई देगा तथा आपके मोबाईल पर एस.एम.एस. के जरिए प्रमाण पत्र जमा होने की पुष्टि हो जाएगी। एस.एम.एस. में जीवन प्रमाण पत्र को डाऊनलोड करने की वेबसाईट भी दिखाई देगी जिसके माध्यम से प्रमाणपत्र डाऊनलोड किया जा सकता है।
*****

हाईकोर्ट ने खस्ता अदालतों पर सरकार से मांगी रिपोर्ट, पूछा गंभीर क्यों नहीं?
कपास किसानों के लिए खुशखबरी, MSP फंड के लिए सरकार ने CCI को 1,718.56 करोड़ मंजूर
पत्नी के साथ हिंसक विवाद में पति पर हत्या का आरोप
चैत्र नवरात्रि कल से शुरू, मंदिरों में तैयारियां पूरी