लोकमाता अहिल्या देवी की 300वीं जयंती... निबंध, चित्रकला, सांस्कृतिक कार्यक्रम सहित अनेक आयोजन संपन्न 

इंदौर l लोकमाता देवी अहिल्या बाई होलकर की 300 वीँ जयंती के अवसर पर चेतना अटल युवा मंडल द्वारा केंद्रीय संस्कृति मंत्रालय के सहयोग से निबंध, प्रदर्शनी, चित्रकला, प्रश्नोत्तरी एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन इंदौर स्थित सिका सीनियर सेकेंडरी स्कूल में उत्साह, भव्यता और सांस्कृतिक गरिमा के साथ सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में क्राइम ब्रांच के सब इंस्पेक्टर श्री शिवम् ठक्कर उपस्थित रहे। साथ ही सिका स्कूल के चेयरमैन श्री पी. बाबू, मैनेजिंग ट्रस्टी डॉ. आर. श्रीधर, ट्रस्टी श्री जी. रमेश, श्री सुरेश अय्यर, प्राचार्य डॉ. जी.एस. पटेल, उपप्राचार्य श्री दिनेश उपाध्याय, प्राथमिक स्कूल के एच.एम. एवं ए.एच.एम., तथा चेतना अटल युवा मंडल के संरक्षक विजय यादव, अध्यक्ष नरेंद्र शर्मा, कार्यक्रम प्रभारी नीलम शर्मा, मंडल सदस्य जया शेट्टी, संयोजक अभिषेक पँवार और कोषाध्यक्ष विजय बिरला की उपस्थिति उल्लेखनीय रही।

कार्यक्रम के दूसरे और अंतिम दिन “अहिल्या बाई होलकर—द क्वीन ऑफ जस्टिस एंड रिफॉर्म” विषय पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों, विद्वानों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने लोकमाता देवी अहिल्या के न्यायप्रिय शासन, सामाजिक सुधारों और आधुनिक प्रशासनिक व्यवस्था पर उनके प्रभाव पर विस्तार से चर्चा की । इसके अलावा छात्रों के लिए “अहिल्या बाई होलकर—ए विज़नरी लीडर” विषय पर निबंध एवं चित्रकला प्रतियोगिताएँ आयोजित की गईं, जिनमें विद्यार्थियों ने चित्रों, शब्दों और रचनात्मक अभिव्यक्ति के माध्यम से लोकमाता के प्रति सम्मान प्रकट किया।        

इसी अवसर पर विशेष सांस्कृतिक श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित हुआ, जिसमें शास्त्रीय नृत्य, लोक संगीत और नाट्य प्रस्तुतियों के माध्यम से अहिल्या बाई के परोपकारी जीवन, सामाजिक प्रभाव और आध्यात्मिक दृष्टि को भावपूर्ण रूप से प्रस्तुत किया गया। विद्यालय के विद्यार्थियों द्वारा दिए गए प्रदर्शन—कक्षा 10 के चिरायु सुरांसे का भाषण, प्राइमरी विद्यार्थियों की नृत्य-नाटिका और कक्षा 9 के विद्यार्थियों का शिव-भक्ति पर आधारित नृत्य—ने कार्यक्रम में विशेष रंग भर दिया और वातावरण को सांस्कृतिक सौंदर्य से भर दिया।

अतिथियों ने निबंध, भाषण, चित्रकला, प्रश्नोत्तरी और नृत्य प्रतियोगिताओं के सर्वश्रेष्ठ पाँच विद्यार्थियों को प्रमाण-पत्र एवं पुरस्कार प्रदान किए गए। विद्यार्थियों के मनोबल को बढ़ाते हुए प्राचार्य डॉ. जी.एस. पटेल ने जीवन में सांस्कृतिक मूल्यों और अनुशासन की भूमिका पर प्रेरक संदेश दिया। चेतना अटल युवा मंडल के संरक्षक विजय यादव ने लोकमाता अहिल्या बाई होलकर के जीवन से सीख लेकर समाजहित में कार्य करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के आयोजन में विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकगण, विद्यार्थियों और चेतना अटल युवा मंडल का महत्वपूर्ण योगदान रहा l

न्यूज़ सोर्स : पंडित नरेंद्र शर्मा