युवाओं को सामाजिक गतिविधियों से जोड़े – डा. राऊत .......... भोपाल के क्षत्रिय पवार समाज का वार्षिक सम्मेलन सम्पन्न
युवाओं को सामाजिक गतिविधियों से जोड़े – डा. राऊत
भोपाल के क्षत्रिय पवार समाज का वार्षिक सम्मेलन सम्पन्न
भोपाल, 25 जनवरी। वर्तमान में युवाओं का ध्यान अपने केरियर पर अधिक होने से वे सामाजिक गतिविधियों पर अधिक ध्यान नहीं दे पा रहे हैं। यदि यही हाल रहा तो धीरे – धीरे सामाजिक संस्कृति और रीति रिवाज समाप्त हो जाएंगे। इसलिये युवाओं को सामाजिक गतिविधियों से जोड़ने के प्रयास किए जाने चाहिये ताकि वे समाज की संस्कृति और रीति-रिवाज को अगली पीढ़ी को सौंप सके। ये विचार आज यहां अखिल भारतीय भोयर पवार महासंघ, नागपुर के अध्यक्ष डा. नामदेव राऊत ने भोपाल के क्षत्रिय पवार समाज के सृजन पर्व -2 अमृत महोत्सव के अवसर पर आयोजित वार्षिक सम्मेलन में व्यक्त किए। डा. राऊत ने कहा कि किसी भी समाज के विकास के लिये समर्पण, साधना, संवाद, सहयोग और सृजन आवश्यक कारक हैं। इनके अभाव में कोई भी सामाजिक संगठन बेहतर ढंग से कार्य नहीं कर सकता।
डा. राऊत ने चिंता जाहिर करते हुए कहा कि पवारों के 90 प्रतिशत परिवार आज भी कृषि कार्य से जुड़े हैं लेकिन कृषि के प्रति नजरिए में काफी परिवर्तन आया है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में कृषि से लाखों रूपये की आय करने वाले युवा से कोई भी अपनी बिटिया का विवाह नहीं करना चाहते जबकि वे किसी छोटी सी सरकारी नौकरी करने वाले से विवाह करने के लिये सहर्ष तैयार हो जाते हैं। डा. राऊत ने समाज के संगठनों और उच्च पदों पर आसीन व्यक्तियों का आह्वान किया कि वे समाज के कमजोर लोगों को शासकीय योजनाओं की जानकारी देकर उन्हें उन योजनाओं का लाभ दिलाएं ताकि वे भी समाज की मुख्यधारा में शामिल हो सकें। उन्होंने सामाजिक संगठनों को आर्थिक रूप से मजबूत करने पर बल देते हुए कहा कि समाज के सभी लोग यदि अपनी आय का कुछ हिस्सा संगठनों को दें तो निश्चित ही समाज के विकास को नई दिशा मिलेगी। डा. राऊत ने सोशल मीडिया की चर्चा करते हुए कहा कि इनका गुलाम न बने। बच्चों को मोबाइल से दूर रखें।
इस अवसर पर रायसेन में पदस्थ अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमलेश पवार ने भी युवाओं का आह्वान किया कि वे खूब उन्नति करें लेकिन अपनी संस्कृति को न भूलें। उन्होने कहा कि आज सभी क्षेत्रों में काम करने की अपार सम्भावनाये हैं। अपनी रूचि के अनुसार व्यवसाय और रोजगार का चयन कर सकते हैं। समाज के अनुभवी लोगों से सलाह लेने से झिझके नहीं। ईमानदारी और मेहनत से सफलता निश्चित ही मिलती है। उन्होने सायबर अपराध से बचने की सलाह देते हुए कहा कि सायबर अपराधियों के प्रलोभन में न आयें। फोन पर अपनी कोई भी जानकारी न दें.. ओटीपी न बताएं।
कार्यक्रम में पवार युवा मंडल, महू- इंदौर के अध्यक्ष श्री सुनील बोबड़े, क्षत्रिय पवार समाज, शोभापुर बैतुल के अध्यक्ष श्री अशोक ओमकार, मां वाग्देवी वाहिनी की अध्यक्षा डा. हेमलता डहारे तथा अन्य संगठनों के पदाधिकारियों ने भी सम्बोधित किया । कार्यक्रम में वर्ष 2024 के दौरान सेवानिवृत्त होने वाले तथा 75 वर्ष पूर्ण करने वाले और सैनिकों और समाज बंधुओं को सम्मानित किया गया। अतिथियों ने दसवीं और बारहवी कक्षा में उच्च अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को प्रमाणपत्र प्रदान कर प्रोत्साहित किया। अतिथियों ने भोज ज्योति पत्रिका और राजा भोज पवार संस्कृति कैलेण्डर का विमोचन भी किया।
कार्यक्रम के आरम्भ में क्षत्रिय पवार समाज, भोपाल के अध्यक्ष श्री कन्हैयालाल परिहार ने संगठन की वर्ष 2024 की गतिविधियों की विस्तार से जानकारी देते हुए बताया कि पवारांगन में मंदिर निर्माण के साथ सभी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराए जाने के प्रयास जारी हैं। उन्होने समाज के सभी लोगों से इन पुनीत कार्यों में सहभागिता करने की अपील भी की। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय और विभिन्न स्थानों से आये पवार बंधु मौजूद थे। कार्यक्रम संचालन श्री जय पवार और उनके सहयोगी ने किया।

लोकभवन में महाराष्ट्र और गुजरात स्थापना दिवस मनाया गया
होर्मुज विवाद पर बढ़ा तनाव, Iran पर भरोसा नहीं: United Arab Emirates
ब्रिटिश किंग से मिले न्यूयॉर्क मेयर Zohran Mamdani, कोहिनूर पर बयान चर्चा में
श्रमिक दिवस : शिकागो के श्रमिक शहीदों का पुण्य स्मरण .....................आलेख.............. ओंकार कोसे
पश्चिम बंगाल में 15 मतदान केंद्रों पर दोबारा वोटिंग का आदेश