प्रयागराज जाएं तो देखना न भूलें महाकुंभ में भव्य लेज़र वॉटर स्क्रीन शो
प्रयागराज जाएं तो देखना न भूलें
महाकुंभ में भव्य लेज़र वॉटर स्क्रीन शो
प्रयागराज। तीर्थराज प्रयागराज में आज से शुरू हुए महाकुम्भ में आने वाले श्रद्धालुओं के लिए लेजर शो एवं एक विशेष लेज़र वॉटर स्क्रीन प्रोजेक्शन लाइट और साउंड शो विशेष आकर्षण का केंद्र होगा। करीब 22 करोड़ रूपये की लागत से श्रद्धालुओं के मनोरंजन के लिए उत्तरप्रदेश सरकार के पर्यटन विभाग टेमफ्लो सिस्टम्स, गाज़ियाबाद के तकनीकी सहयोग से आधुनिक तकनीक के माध्यम से महाकुंभ की प्राचीन गाथाओं को प्रभावशाली और सजीव रूप में प्रस्तुत किया है ।

यमुना नदी के तट पर बोट क्लब के पास स्थित काली घाट पर प्रदर्शित इस शो के दौरान पानी की स्क्रीन पर उभरती अद्भुत छवियों ने प्रयागराज और महाकुंभ की ऐतिहासिक और धार्मिक गाथाओं को जीवंत कर दिया। दर्शकों को इन पवित्र स्थलों की दिव्यता और ऐतिहासिक महत्व का अनुभव करने का अनूठा अवसर प्राप्त हुआ। शो में दिखाए गए दृश्य और ध्वनि ने श्रद्धालुओं को महाकुंभ के गौरवशाली अतीत में खो जाने के लिए मजबूर कर दिया । महाकुम्भ में आने वाले श्रद्धालु और पर्यटक इस शो का बिना किसी टिकिट के मुफ्त में आनंद ले सकते हैं। महाकुम्भ के दौरान हर दिन शाम 7 से 9 बजे के बीच दो शो दिखाए जायेंगे और हर शो की अवधि 45 मिनट होगी।

