प्याज उत्पादक किसानों को बड़ी राहत
प्याज उत्पादक किसानों को बड़ी राहत
खरीद मूल्य 13% बढ़ाकर 2,125 रुपये प्रति क्विंटल किया
नई दिल्ली, 4 जुलाई। प्याज उत्पादक किसानों को बेहतर मूल्य दिलाने और बाजार में कीमतों को संतुलित बनाए रखने के उद्देश्य से केंद्र सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। इसके तहत सरकार ने मूल्य स्थिरीकरण बफर के लिए प्याज की खरीद का न्यूनतम मूल्य 13 प्रतिशत बढ़ाकर 1,875 रुपये से 2,125 रुपये प्रति क्विंटल कर दिया है। नई दर 4 जुलाई 2026 से लागू हो गई है। इस निर्णय से किसानों को अपनी उपज का बेहतर दाम मिलेगा, वहीं सरकार की बफर स्टॉक बनाने की योजना को भी मजबूती मिलेगी। वर्तमान में बेहतर गुणवत्ता वाला प्याज भी भंडारण में सुरक्षित है, जिसे आवश्यकता के अनुसार बाजार में उतारा जाएगा। देश में प्याज का औसत खुदरा मूल्य लगभग 31 रुपये प्रति किलोग्राम है, जबकि प्रमुख उत्पादक क्षेत्रों में यह करीब 18 रुपये प्रति किलोग्राम के स्तर पर बना हुआ है।
अधिकृत सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश और गुजरात में प्याज का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है। कहीं भी भंडारित प्याज की कमी के संकेत नहीं मिले हैं। देशभर की मंडियों में प्रतिदिन 50 हजार मीट्रिक टन से अधिक प्याज की आवक हो रही है, जबकि अकेले महाराष्ट्र में यह आवक 30 हजार मीट्रिक टन से अधिक बनी हुई है।
सरकार ने बताया कि मानसून के आगमन में देरी और कुछ इलाकों में सामान्य से कम वर्षा के कारण व्यापारियों के एक वर्ग द्वारा सट्टेबाजी के आधार पर खरीदारी की जा रही है। हालांकि, प्रमुख उपभोक्ता बाजारों में मौजूदा कीमतों पर मांग सामान्य बनी हुई है। नासिक और मध्य प्रदेश के कुछ उत्पादन क्षेत्रों में जो तेजी दिखाई दे रही है, वह वास्तविक मांग की तुलना में भविष्य में कीमत बढ़ने की उम्मीद पर आधारित मानी जा रही है।
कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के वर्ष 2025-26 के दूसरे अग्रिम अनुमान के अनुसार देश में इस वर्ष प्याज का उत्पादन 307.37 लाख मीट्रिक टन रहने का अनुमान है, जो पिछले वर्ष के 307.67 लाख मीट्रिक टन उत्पादन के लगभग बराबर है। इससे स्पष्ट है कि देश में प्याज की उपलब्धता पर्याप्त बनी हुई है और आपूर्ति को लेकर फिलहाल किसी प्रकार की चिंता नहीं है। हालांकि, मौसम के अनुसार कीमतों में सामान्य उतार-चढ़ाव संभव है।

राशिफल 05 जुलाई 2026: जानिए आज का दिन आपके लिए कैसा रहेगा
21वें कल्याण महाकुंभ में उमड़ा आस्था का सैलाब,
मानवता की प्रेरक मिसाल: एम्स भोपाल में 97 वर्षीय शिक्षाविद् श्री राजेश्वर प्रसाद माहेश्वरी का देहदान
प्याज उत्पादक किसानों को बड़ी राहत
हर्ष फायरिंग की कीमत: जश्न की गोली ने ली जान, BJP विधायक को मिली सजा