यूनेस्को की धरोहर सूची में शामिल होगी इंदौर की गेर !

 

इंदौर। होली के बाद मनाए जाने वाला रंगारंग रंगपंचमी का पर्व इंदौर सहित समूचे मालवा में हर्षोल्लास के साथ मनाया जाता है लेकिन इंदौर में रंगपंचमी की अलग ही पहचान है। आगामी 19 मार्च को इंदौर में  रंगपंचमी के अवसर पर शहर के निर्धारित मार्गों से रंगारंग गेर निकाली जायेगी। पूरा शहर रंगों से सराबोर रहेगा। रंगपंचमी में शामिल होने और रंग खेलने आसपास के क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में रंगप्रेमी आते हैं। गेर के आयोजन की तैयारियां प्रारंभ हो गई है। गेर शहर में परम्परागत रूप से निर्धारित मार्गों से निकाली जायेगी। राधा-कृष्ण फाग यात्रा के साथ टोरी कार्नरमारल क्लबरसिया कार्नरसंगम कार्नर और जूनी इंदौर क्षेत्र से माधव फाग यात्रा निकलेगी।

    इंदौर में इस साल रंगपंचमी की त्यौहर कुछ अलग ही होने वाला है। इंदौर की गेर को यूनेस्को की धरोहर सूची में शामिल करने का प्रयास किए जा रहे हैं। भारत सरकार के संस्कृति विभाग को आगामी कार्यवाही के लिए सभी आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध करा दिये गए हैं। उम्मीद है कि इंदौर की  गेर को यूनेस्को अपनी सांस्कृतिक धरोहर सूची में जरूर शामिल करेगा । देश में सबसे स्वच्छ शहर के साथ यह उपलब्धि इंदौर को वैश्विक स्तर पर एक और नई पहचान मिल सकती है।  

    आज इंदौर में कलेक्टर कार्यालय में गेर की व्यवस्थाओं को लेकर पुलिस कमिश्नर श्री संतोष सिंह और कलेक्टर श्री आशीष सिंह की मौजूदगी में बैठक सम्पन्न हुई । बैठक में कलेक्टर श्री सिंह ने बताया कि इंदौर की गौरवशाली परम्परा गेर को और अधिक बेहतर बनाने के लिए आर्थिक मदद भी दी जायेगी। उन्होंने कहा कि गेर के दौरान ध्वनि प्रदूषण नियंत्रण अधिनियम के प्रावधानों का पालन किया जायेगा। अश्लील और अभद्र गाने बजाने पर प्रतिबंध लगाया जाएगा ।   पुलिस कमिश्नर श्री संतोष सिंह ने बताया कि संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष निगरानी रखी जायेगी। सीसीटीवी और वीडियो कैमरों के माध्यम से सतत निगरानी रखी जायेगी। मदिरा पीकर शांति भंग करने वालों के विरूद्ध भी कड़ी कार्यवाही की जायेगी।

     उल्लेखनीय है कि रंगपंचमी के दिन इंदौर के ह्रदय स्थल राजवाड़ा क्षेत्र में हजारों की संख्या में हुरियारे एकत्रित होकर रंग खेलते हैं। नगर निगम के पानी के टैंकरों में रंग घोलकर पानी रंगीले पानी की बौछार हुरियारों पर फेंकी जाती है। पूरा वातावरण रंगमय हो जाती है। दुकानदार और स्थानीय रहवासी अपने घरों को पन्नियों से ढांक कर रखते हैं। रंगपंचमी मनाने के बाद हुरियारों के जाते ही नगर निगम के सफाई कर्मचारी मार्ग की साफ सफाई में जुट जाते हैं ताकि देश के सबसे स्वच्छ शहर पर रंग का धब्बा लगा न रह जाए।

न्यूज़ सोर्स : इंदौर जनसम्पर्क