पशुपालन से बढ़ेगी किसानों की आमदनी
                                    -शिवराज सिंह चौहान 

 

     भोपाल। केन्द्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि लोगों की जिंदगी बदलने के लिए उनकी आमदनी बढ़ाना के लिए हर सम्भव प्रयास किए जा रहे हैं। आमदनी बढ़ाने के लिए पशुपालन सबसे प्रभावी माध्यम है। आज सांची में राष्ट्रीय डेयरी अनुसंधान संस्थान द्वारा आयोजित अनुसूचित जाति उप-योजना के अंतर्गत किसान संगोष्ठी कार्यक्रम में किसानों से संवाद करते हुए केंद्रीय मंत्री ने बताया कि राष्ट्रीय डेयरी अनुसंधान संस्थान, डेयरी क्षेत्र में एशिया का सर्वश्रेष्ठ संस्थान है। उन्होंने कहा कि, छोटे और गरीब किसानों की आमदनी बढ़ाने के उद्देश्य से पशुपालन, गाय, भैंस और बकरी पालन को व्यापक स्तर पर प्रोत्साहित किया जाएगा। शिवराज सिंह ने कहा कि, इसी लक्ष्य के तहत सांची में किसानों के लिए विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम की शुरुआत की गई है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय डेयरी अनुसंधान संस्थान के वैज्ञानिककिसानों को वैज्ञानिक तरीके से बताएंगे कि गाय-भैंस का सही पालन कैसे करें, ताकि दूध का अधिक उत्पादन हो । उन्होने बल देते हुए कहा कि केवल खेती से काम नहीं चलेगा, इसलिए डेयरी, बकरी पालन और मुर्गी पालन से आमदनी बढ़ाने की दिशा में हमें आगे बढ़ना होगा। प्रशिक्षण के जरिए पशुओं की देखभाल, आहार, बीमारी से बचाव और दूध की बिक्री तक की पूरी जानकारी दी जाएगी, ताकि पशुपालन वास्तव में लाभ का का धंधा बने सके।


500 किसानों को वितरित की किट


      केन्द्रीय कृषि मंत्री ने कहा कि आज पशुपालन से जुड़े करीब 500 छोटे किसानों को लगभग 2000 रुपये मूल्य की किट वितरित की जा रही है। इस किट में पशु आहार मिक्सर, दवाइयां, साफ बाल्टी सहित आवश्यक सामग्री शामिल है। साथ ही किसानों को पशुओं के पोषण, देखभाल, आवास व्यवस्था और बीमारी की स्थिति में उपचार से जुड़ी व्यावहारिक जानकारी भी दी जा रही है। केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि, केवल पशु खरीदना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि सही आहार, उचित देखभाल और वैज्ञानिक पद्धतियों से ही पशुपालन को लाभकारी बनाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि, पशुपालन और डेयरी गतिविधियों के विस्तार और सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन से किसानों की आमदनी में वृद्धि होगी और उनके जीवन स्तर में सुधार आएगा। 

केवल खेती से नहीं चलेगा काम

केन्द्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि केवल खेती पर निर्भर रहकर आज किसानों की आमदनी बढ़ाना संभव नहीं है, अन्य गतिविधियों को भी अपनाना होगा। उन्होंने कहा कि, जो लोग दूध उत्पादन में शामिल होना चाहेंगे, उन्हें बैंकों से जोड़कर पशु दिलाने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। पशु होंगे तो उनके सही पालन की जानकारी होना जरूरी है। किसानों को प्रशिक्षण में पशुओं के रहने के स्थान, आहार, बीमारी से बचाव और साफ-सफाई के तरीकों के बारे में बताया जाएगा। इसके साथ ही दूध कलेक्शन सेंटर पर दूध की संग्रहण और बिक्री की प्रक्रिया के बारे में भी प्रशिक्षण दिया जाएगा।

न्यूज़ सोर्स : अजय उपाध्याय