बिजनौर: उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहाँ मुंबई की रहने वाली एक नर्स की उसके ही प्रेमी ने बेरहमी से हत्या कर दी। शादी का दबाव बनाने से नाराज प्रेमी ने प्रेमिका का गला घोंट दिया और पहचान छिपाने के लिए उसके शव को गन्ने के खेत में गहरे गड्ढे में दफन कर दिया। मुंबई पुलिस ने कड़ाई से पूछताछ के बाद आरोपी को हिरासत में लिया और उसकी निशानदेही पर शुक्रवार को बिजनौर के मंडावर इलाके से मृतका का शव बरामद कर लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

सैलून में काम के दौरान परवान चढ़ा था प्यार

पुलिस तफ्तीश में सामने आया कि 35 वर्षीय तलाकशुदा नर्स सना, मुंबई के एक अस्पताल में कार्यरत थी। वहीं मंडावर थाना क्षेत्र के ग्राम सैफपुर खादर का रहने वाला 21 वर्षीय फैसल अंसारी मुंबई के जोगेश्वरी वेस्ट इलाके में एक सैलून में काम करता था। इसी दौरान दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और वे प्रेम संबंधों में आ गए। फैसल से शादी करने की खातिर सना ने अपने पहले पति को तलाक दे दिया था। सना का नौ साल का एक बेटा भी है। उम्र में फैसल से करीब 15 साल बड़ी होने के बावजूद वह उसके साथ अपनी आगे की जिंदगी बिताना चाहती थी, लेकिन फैसल और उसका परिवार इस रिश्ते के खिलाफ था।

ईद मनाने गांव आया था आरोपी, पीछे-पीछे पहुंच गई प्रेमिका

फैसल कुछ दिन पहले ईद का त्योहार मनाने के लिए बिजनौर अपने पैतृक गांव आया था। उसके पीछे-पीछे 29 मई को सना भी बिजनौर पहुंच गई और फैसल पर साथ रहने व तुरंत निकाह करने का दबाव बनाने लगी। इस बात से पीछा छुड़ाने के लिए फैसल उसे अपनी मोटरसाइकिल पर बैठाकर फतेहपुर सभाचंद के जंगलों की तरफ ले गया। वहां सुनसान जगह देखकर उसने सना का गला दबाकर उसे मौत के घाट उतार दिया और एक किसान के गन्ने के खेत में शव को छिपा दिया। इस खौफनाक वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी वापस मुंबई लौट गया ताकि किसी को शक न हो।

कमरे की चाबी ढुंढवाकर परिजनों को करता रहा गुमराह

उधर, सना से संपर्क न होने पर 2 जून को मुंबई के ओसीवारा थाने में उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई। सना की बहन शबाना आसिफ शेख ने जब फैसल से सना के बारे में पूछा, तो वह लगातार अनजान बनता रहा। वह पुलिसिया कार्रवाई पर नजर रखने के साथ-साथ सना की बहनों को यह कहकर गुमराह करता रहा कि "कमरे की चाबी ढूंढो, वह चाबी लेकर गई है तो खुद लौट आएगी।"

मोबाइल लोकेशन और कॉल डिटेल (CDR) से खुला राज

मुंबई पुलिस ने जब मामले की गहराई से जांच की और दोनों की कॉल डिटेल (CDR) निकाली, तो पता चला कि सना की आखिरी मोबाइल लोकेशन बिजनौर में फैसल के गांव के पास थी। 10 जून को सीडीआर के पुख्ता सबूत मिलने के बाद मुंबई पुलिस ने फैसल को धरदबोचा। पुलिस की सख्ती के आगे फैसल टूट गया और उसने अपना गुनाह कबूल कर लिया।

शुक्रवार को मुंबई पुलिस की टीम आरोपी फैसल और मृतका की बहन शबाना को लेकर बिजनौर के मंडावर थाने पहुंची। स्थानीय पुलिस और सीओ सिटी अभय प्रताप सिंह की मौजूदगी में कार्यपालक मजिस्ट्रेट के सामने गन्ने के खेत में खुदाई कराई गई, जहां से सना का शव बरामद हुआ। फिलहाल दोनों राज्यों की पुलिस कानूनी क्षेत्राधिकार और प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया को पूरा करने में जुटी है।