इंदौर में 25 जुलाई को सर्वजन स्वास्थ्य शिविर
इंदौर में 25 जुलाई को सर्वजन स्वास्थ्य शिविर
पहली बार होगी ऑक्सीडेटिव पैनल जांच की सुविधा
इंदौर। आमजन को आधुनिक स्वास्थ्य जांच एवं विशेषज्ञ चिकित्सा परामर्श एक ही स्थान पर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शांति अवेदना ट्रस्ट, कैंसर एवं स्टेम सेल अनुसंधान संस्थान तथा भारतीय निवारक कैंसर संस्थान (आईआईपीओ) के संयुक्त तत्वावधान में 25 जुलाई 2026 (शनिवार) को एक दिवसीय सर्वजन स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया जाएगा। शिविर प्रातः 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक मिशिका टावर, सपना-संगीता रोड स्थित संस्था कार्यालय, इंदौर में आयोजित होगा।
आईआईपीओ की डायरेक्टर सुश्री स्नेहा मंडलोई ने बताया कि इस शिविर की विशेषता यह है कि इसमें पहली बार ऑक्सीडेटिव पैनल (Oxidative Panel) जांच की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। यह आधुनिक जांच शरीर में ऑक्सीडेटिव स्ट्रेस, कोशिकाओं पर पड़ने वाले प्रभाव तथा विभिन्न स्वास्थ्य जोखिमों का वैज्ञानिक आकलन करने में सहायक होगी, जिससे कई बीमारियों की समय रहते पहचान और रोकथाम संभव हो सकेगी।
उन्होंने बताया कि शिविर में सभी आयु वर्ग के लोगों के लिए विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा परामर्श, संपूर्ण स्वास्थ्य परीक्षण, जांच प्रतिवेदनों की समीक्षा तथा आवश्यक स्वास्थ्य संबंधी मार्गदर्शन प्रदान किया जाएगा। शिविर में अस्थि रोग, मस्तिष्क एवं तंत्रिका शल्य चिकित्सा, स्त्री रोग, मधुमेह एवं हृदय रोग, श्रवण परीक्षण, फेफड़ों की कार्यक्षमता की जांच, नेत्र परीक्षण, दंत परामर्श, फिजियोथेरेपी, पोषण एवं आहार परामर्श तथा मनोवैज्ञानिक परामर्श जैसी सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी।
इसके अतिरिक्त प्रतिभागियों का पोषण स्तर, मानसिक स्वास्थ्य, स्मरण शक्ति, जीवनशैली, व्यायाम संबंधी आदतों, दवाइयों की समीक्षा तथा गिरने के जोखिम (फॉल रिस्क असेसमेंट) का भी मूल्यांकन किया जाएगा। एमपीवीएचए के सहयोग से नेत्र परीक्षण के साथ पात्र हितग्राहियों को निःशुल्क चश्मों का वितरण भी किया जाएगा।
राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित तथा वरिष्ठ नागरिक साईधाम पारमार्थिक ट्रस्ट, इंदौर के संस्थापक न्यासी एवं अध्यक्ष श्री रमेश कुमार शर्मा ने सभी नागरिकों एवं उनके परिजनों से इस स्वास्थ्य शिविर का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की है।
अधिक जानकारी एवं पंजीयन के लिए संपर्क करें :
सुश्री स्नेहा मंडलोई
डायरेक्टर, भारतीय निवारक कैंसर संस्थान (आईआईपीओ)
मोबाइल : 74157 89855

विष्णुभोग चावल बना जीपीएम जिले का गौरव
रेल यात्रियों और मासूम बच्चों की सुरक्षा के प्रति जीआरपी की संवेदनशीलता का उत्कृष्ट उदाहरण
मध्यप्रदेश की हर विधानसभा में खुलेगी कृषि यंत्र किराये की दुकान
नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0" अभियान को प्रदेशभर में मिल रहा जनसमर्थन
अवैध लकड़ी परिवहन पर वन विकास निगम की बड़ी कार्रवाई