वृन्दावन नगर से श्रवण कान्ता तक सड़क का निर्माण अधर में !
वृन्दावन नगर से श्रवण कान्ता तक सड़क का निर्माण अधर में !
भोपाल। अयोध्या बायपास स्थित वृंदावन नगर से श्रवण कान्ता - सागर लेक व्यू कालोनी तक सड़क निर्माण की बाट जोह रहे रहवासियों को अभी इस सड़क के निर्माण के लिए और प्रतीक्षा करनी पड़ सकती है। बेहद खस्ताहाल हो चुके इस मार्ग पर वृन्दावन नगर, जनकपुरी, राज सम्राट नगर फेस 1 , जीत होम्स, नारायण गुरू , श्रवण कान्ता, सागर लेक व्यू और अन्य कालोनियों के करीब दो हजार से अधिक परिवार्रों और उनके यहाँ आने वाले मेहमानों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इस मार्ग पर बड़े अत्यधिक गढ्ढे होने के कारण आये दिन विशेषकर दोपहिया वाहन चालक दुर्घटना का शिकार होते रहते हैं।
मध्यप्रदेश शासन में राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्रीमती कृष्णा गौर ने वृंदावन नगर से श्रवण कान्ता - सागर लेक व्यू कालोनी तक सड़क के डामरीकरण कार्य के लिए शासन से करीब 49 लाख रूपये स्वीकृत करवाए हैं लेकिन अभी तक सड़क निर्माण का कार्य शुरू नहीं हुआ है जबकि अन्य कालोनियों में करीब तीन महीने पहले काम शुरू हो चुका है। जिम्मेदार लोगों द्वारा बार बार आश्वासन दिया गया कि काम शीघ्र शुरू हो जाएगा। अब बरसात शुरू होने की आहट सुनाई देने लगी, मानसून पूर्व गतिविधियां शुरू हो चुकी हैं तब ऐसे में यह आशा भी धूमिल हो गयी है कि सड़क निर्माण का कार्य जल्द ही शुरू होगा।
डामर सड़क बरसात में
जानकार लोग कहते है कि डामर और पानी की दुश्मनी होती है यानी डामर सड़क पर पानी जमा नहीं होना चाहिए। यदि सड़क निर्माण का कार्य जून में शुरू हो भी जाता है तो सड़क कब तक सही सलामत रह सकेगी , इसकी कोइ गारंटी नहीं है। डामर रोड की लम्बी आयु के लिए जल निकासी के समुचित होनी चाहिए। वर्तमान परिस्थितियों के मद्देनजर ऐसा नहीं लगता है। सड़क के दोनों और संभव न भी हो तो कम से कम एक और तो जल निकासी के लिए नाली बनाई जा सकती है।
सड़क निर्माण में सीवेज लाइन का रोड़ा
विश्वस्त सूत्रों के हवाले से पता चला है कि वृन्दावन नगर, जनकपुरी, राज सम्राट नगर फेस 1 , जीत होम्स, नारायण गुरू , श्रवण कान्ता, सागर लेक व्यू और अन्य कालोनियों के रहवासियों के उपयोग में आ रही सड़क का निर्माण कार्य फिलहाल इस वर्ष 2026 में तो शुरू होने की संभावना नहीं है। इस मार्ग के निर्माण से पहले सीवेज लाइन का निर्माण होना है। सूत्रों ने बताया कि सीवेज लाइन का निर्माण अमृत योजना के तहत भोपाल शहर की विभिन्न कालोनियों में किया जा रहा है। इसके तहत वृन्दावन नगर से श्रवण कान्ता, सागर लेक व्यू तक सीवेज लाइन निर्मित की जाएगी। सीवेज लाइन का निर्माण कब शुरू होगा , यह अभी निश्चित नहीं है लेकिन चालू वर्ष 2026 मे होने की उम्मीद है। नगर निगम के अधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि जहां सीवेज लाइन का निर्माण होना है, वहां सीवेज लाइन बनाने के बाद ही सड़क बनाई जाएगी।
इसका यही अर्थ लगाया जा सकता है कि वृन्दावन नगर से श्रवण कान्ता, सागर लेक व्यू तक सड़क निर्माण का कार्य फिलहाल शुरू नहीं होगा और इस क्षेत्र के रहवासियों को सड़क के गढ्ढो से मुक्ति नहीं मिलेगी ।
उल्लेखनीय है कि सन 2021 में इस मार्ग का करीब 30 हिस्से में कांक्रीट से निर्माण कराया गया था लेकिन निम्न गुणवत्ता के कारण यह मार्ग चार साल में ख़राब हो गया है। इस क्षेत्र के नागरिक समय समय पर जन प्रतिनिधियों से मार्ग की मरम्मत की गुहार लगाते रहे हैं। करीब दो वर्ष पहले स्थानीय विधायक एवं मध्यप्रदेश शासन में मंत्री श्रीमती गौर द्वारा मुख्यमंत्री को अपने विधानसभा क्षेत्र में अनेक निर्माण कार्यों के लिए प्रस्ताव प्रेषित किया गया था। बाद में इस प्रस्ताव को स्वीकृति मिलने के बाद कुछ कालोनियों में भूमिपूजन कर निर्माण कार्य शुरू भी हो गया है। लेकिन इस क्षेत्र के रहवासियों को अभी तक केवल आश्वासन से ही संतुष्ट होना पड़ रहा है। अब जब बरसात शुरू हो रही है, वर्षा समाप्ति के बाद ही राहत मिलने की उम्मीद है। लेकिन सीवेज लाइन का काम पहले होना है तो नई सड़क के लिए महीनो तक प्रतीक्षा करनी पड़ सकती है।
एक आशा की किरण
लेकिन इस घोर अँधेरे में एक आशा की किरण दिखाई दे रही है। क्षेत्र के ख़राब सड़क से पीड़ित अनेक जागरूक नागरिकों ने स्थानीय पार्षद श्रीमती छाया ठाकुर से चर्चा की है। पार्षद श्रीमती ठाकुर ने आश्वासन दिया है कि गढ्ढों में फिलहाल मरम्मत करा दी जाएगी ताकि बरसात के दिनों में होने वाली परेशानी से बचा जा सके।

अखिलेश यादव का संसद में बड़ा बयान, बोले- 'सरकार के साथ कोई डील तो नहीं हो गई?'
जिम्बाब्वे दौरा टीम इंडिया के लिए क्यों है खास? श्रेयस अय्यर की कप्तानी से नए चेहरों तक सब पर नजर
खाटू श्यामजी को लेकर कथावाचक की टिप्पणी पर बवाल, विरोध के बाद मांगी माफी
15 साल पूरे होने पर 'सिंघम' को याद करना पड़ा भारी, अजय देवगन ट्रोलर्स के निशाने पर
शराब पीकर ड्राइविंग करना पड़ा भारी, पूर्व ऑस्ट्रेलियाई स्टार वॉर्नर ने कोर्ट में कबूला जुर्म