मथुरा । जिले में एक महिला की कुल्हाड़ी से काटकर निर्मम हत्या कर दी गई है। घटना की जानकारी तुरंत पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। प्राप्त विवरण के मुताबिक नगर के थाना गोविंद नगर क्षेत्र की शिव नगर कॉलोनी में शुक्रवार की सुबह इलाके में उस समय हड़कंप मच गया जब यहां एक महिला की हत्या की जानकारी मिली। 32 वर्षीय महिला डॉली की कुल्हाड़ी से काटकर बड़े ही निर्मम तरीके से हत्या की गई। 
बताया जाता है कि मथुरा के चौक बाजार निवासी अनिल शर्मा ने शिव नगर में गाड़ी खड़ी करने के लिए गैराज बना रखा है। यहां दो तीन कमरे भी बनाए हैं। इसी जमीन की देखभाल करने के लिए पप्पू को रखा हुआ था। डेढ़ साल पहले पप्पू अपने साथ डॉली नाम की करीब 30 वर्षीय महिला को ले आया और पत्नी बताने लगा और वहीं रहने लगा। डॉली डेढ़ साल पहले अपने पति को छोड़कर पप्पू के साथ रहने लगी थी। गुरुवार की रात को डॉली और पप्पू के बीच किसी बात को लेकर अनबन हुई। जिसके बाद पप्पू ने डॉली की कुल्हाड़ी मारकर हत्या कर दी। मौके पर पहुंची पुलिस को मृतका की बहन ने बताया कि रात को 12 बजे तक पप्पू वहीं था फिर कब गायब हो गया पता ही नहीं चला। डॉली की बहन के मुताबिक, उसकी हत्या पप्पू ने ही की है। पुलिस ने बताया कि तहरीर मिलते ही मुकद्दमा दर्ज कर लिया जाएगा। आरोपी की तलाश के लिए टीम बना दी गयी हैं जल्द ही उसकी गिरफ्तारी की जायेगी।