लखनऊ । उप्र में अब के तहत स्किल डेवलपमेंट का सर्टिफिकेट कोर्स भी स्कूलों में चलाया जायेगा। वहीं राज्य में 39 हाईस्कूल और 14 इंटरमीडिएट की स्थापना चल रही है। साथ ही सभी सरकारी स्कूल में बायोमेट्रिक अटेंडेंस हो रही है। स्मार्ट क्लास की स्थापना करने की दिशा में भी कार्य चल रहा है।
प्रदेश माध्यमिक शिक्षा राज्यमंत्री गुलाब देवी ने 100 दिन पूरे होने पर आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि हम राष्ट्रीय शिक्षा नीति को लागू करने में आगे रहे हैं। उन्होंने बताया कि पहुंच पोर्टल से स्कूल मैपिंग हो चुकी है। इससे स्कूल स्थापित करने में मदद मिलेगी। करियर काउंसलिंग के लिए भी पोर्टल विकसित किया गया है। हमने ई-लाइब्रेरी पोर्टल भी विकसित किया है जिस पर प्रतियोगी परीक्षाओं, स्टार्ट अप आदि की जानकारी भी मिलेगी। कोई भी इस ऐप पर बुक देख सकेगा। निरीक्षण के लिए परख पोर्टल विकसित है। स्कूल के मानकों के मुताबिक श्रेणियों का विभाजन किया जायेगा। सभी स्कूलों के वेब पेज भी हमारी वेबसाइट पर उपलब्ध हैं। इससे स्कूल के विषय में पूरी जानकारी मिल सकेगी।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के विस्तार के लिए बीस करोड़ का बजट दिया गया है। हर जिले में सम्पर्क केन्द्र बनवाए जा रहे हैं। 56 सम्पर्क केन्द्र बन चुके हैं। आईएएस पीसीएस के अलावा नीट, जेई और अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करवाई जाएगी। एण्टी करप्शन यूनिट कायम की गई है। आईटी सेल बनाया गया है और आंतरिक आडिट करवाया जा रहा है ताकि भ्रष्टाचार को रोका जा सके।