छत्तीसगढ़ में मंगलवार सुबह से चल रही ED की रेड के बीच पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह के बयान ने सियासी पारा बढ़ा दिया है। रमन सिंह ने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को सोनिया गांधी का ATM बताया था। CM बघेल ने इस बयान को घोर आपत्तिजनक बताया है। उन्होंने कहा कि रमन सिंह कहते हैं कि 25 रुपए टन कोयला ले रहे हैं। इसे प्रमाणित करें या सार्वजनिक रूप से माफी मांगे। नहीं तो उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी और मानहानि का दावा किया जाएगा। 

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल सक्ती दौरे पर निकलने से पहले रायपुर में मीडिया से बता कर रहे थे। मुख्यमंत्री बघेल ने रमन सिंह के ईडी की कार्रवाई को लेकर बयान पर कहा कि कौन डर रहा है? डरता कौन है? डर तो इनके मन में है। रमन सिंह बार-बार चुटका देते रहते हैं। दिल्ली भाग जाते हैं। वहां केवल एक ही काम है शिकायत करना। CM ने कहा कि उनकी खीज है। वह अधिकारियों को डराने का काम कर रहे हैं। इसका मतलब है कि वह खुद डरे हुए हैं। उनको जमीनी हकीकत पता है। 

मुख्यमंत्री बघेल ने कहा कि कोयला जो है सेंट्रल गवर्नमेंट का है। उसमें राज्य सरकार की क्या भूमिका है।  कोयला खदान केंद्र सरकार एलॉट करती है। पूरे 58 खदान में से 52 एसईसीएल का है, भारत सरकार का है। ट्रांसपोर्टिंग के मामले में स्थिति यह है पैसेंजर ट्रेनें बंद कर दिया है। लोगो को परेशान करके रखा है। इसके बारे में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष कुछ क्यों नहीं बोलते हैं। पैसेंजर ट्रेन क्यों बंद है? यहां के उद्योगों को कोयला क्यों नहीं मिल रहा है? इसके चलते छत्तीसगढ़ के सारे उद्योग प्रभावित हो रहे हैं