रायपुर : मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने बुधवार से फिर भेंट-मुलाकात कार्यक्रम की शुरुआत कर दी है। वह नवगठित जिले सक्ती के जैजैपुर विधानसभा क्षेत्र के दौरे पर हैं और छपेरा गांव पहुंच गए हैं। यहां उन्होंने किसान वेदराम साहू के घर भोजन किया। यहां परंपरा अनुसार फूलकांस के बर्तन में उन्हें भोजन परोसा गया। इसमें जिमी कांदा, लाल भाजी, गुमी भाजी, चावल आटा का चीला,  बिजौरी इड़हर की सब्जी विशेष रूप से खिलाई गई। इसके अलावा गांव में ही उत्पादित फूटू (मशरूम), पनीर की सब्जी भी परोसी गई।

इससे पहले मुख्यमंत्री भूपेश बघेल काशीगढ़ गांव पहुंचे थे। वहां ग्रामीणों की मांग पर मुख्यमंत्री ने कहा कि मंगलवार को हाट बाजार क्लीनिक लगेगा। उन्होंने इसके लिए कलेक्टर को जरूरी व्यवस्थाएं करने के निर्देश दिए। इसके अलावा स्वास्थ्य केंद्र, स्कूल, आंगनवाड़ी केंद्र सहित अन्य सौगातें दीं। मुख्यमंत्री बघेल मां चंद्रहासिनी मंदिर भी गए और पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख समृद्धि और खुशहाली की कामना की। मुख्यमंत्री बघेल ने इस अवसर पर मंदिर परिसर में आम का पौधा भी लगाया।