लखनऊ।  मौसम विभाग ने कहा है कि 25 अप्रैल से पूरे प्रदेश में भीषण गर्मी शुरू होगी। इस हफ्ते दो तीन दिनों की राहत खत्म होगी और लू के तगड़े थपेड़े चलेंगे। ज्यादातर शहरों में दिन का अधिकतम तापमान 43-44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचेगा। ये सिलसिला 27 अप्रैल तक जारी रहेगा। उसके बाद के मौसम का अनुमान बाद में जारी किया जायेगा।
  इस बीच यूपी का फर्रूखाबाद पूरे देश में सबसे गर्म जिला रहा। जिले के फतेहगढ़ इलाके में देश में सबसे ज्यादा तापमान 43.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। कुछ दिनों पहले वाराणसी में तापमान 45.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, जो देश में सबसे ज्यादा था। बहरहाल, यूपी के शहरों में पिछले तीन-चार दिनों से तपिश से थोड़ी राहत रही है, इसीलिए ज्यादातर शहरों का तापमान 40 डिग्री से नीचे ही दर्ज किया गया। लखनऊ में भी अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के नीचे ही दर्ज किया गया। यूपी के सिर्फ 10 शहर ही ऐसे रहे जहां दिन का अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के उपर दर्ज किया गया। भारत मौसम के मुताबिक, अगले हफ्ते में उत्तर भारत के कई राज्यों में तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है। इसके अलावा देश के पश्चिम और मध्य भाग में झुलसा देने वाली गर्मी पड़ने की संभावना है।