जयपुर । राजस्थान के माइंस विभाग ने लाईमस्टोन ब्लॉक की नीलामी में देश भर में नया कीर्तिमान स्थापित किया है। नागौर के दो लाईम स्टोन ब्लॉकों की नीलामी की 192 प्रतिशत अधिक राशि की बोली आई है। अतिरिक्त मुख्य सचिव माइंस, पेट्रोलियम एवं ऊर्जा डॉ. सुबोध अग्रवाल ने बताया कि एमएमडीआर एक्ट संशोधन 2015 लागू होने के बाद देश के किसी भी हिस्से में लाईम स्टोन की यह उच्चतम बोली है। इससे पहले महाराष्ट्र में लाईमस्टोन के एक ब्लॉक की अधिकतम 185 प्रतिशत अधिक राशि की बोली आई थी। 
उन्होंने बताया कि इससे प्रदेश को अरबों रुपए का अतिरिक्त राजस्व प्राप्त होगा। उन्होंने बताया कि 24, 25, 27 और 28 जनवरी, 22 को झुन्झुनू के दो और नागौर के दो कुल चार लाईम स्टोन ब्लाकों की भारत सरकार के ई पोर्टल के माध्यम से नीलामी की गई है। इससे प्रदेश को 50 साल में 46 हजार करोड़ रु. से भी अधिक का राजस्व प्राप्त होगा। एसीएस माइंस, पेट्रोलियम एवं ऊर्जा डॉ. सुबोध अग्रवाल ने बताया कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के नेतृत्व व निर्देशन में राजस्थान के माइंस विभाग ने लाईम स्टोन नीलामी में नया रेकार्ड स्थापित किया है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत राजस्थान की विपुल खनि संपदा के खोज व खनन कार्य को गति देने के निर्देश देने के साथ ही स्वयं के स्तर पर नियमित रुप से विभागीय समीक्षा कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री श्री गहलोत के दिशानिर्देशों और पहल का ही परिणाम है कि प्रदेश में खनिज खोज व खनन कार्य में तेजी आई है और पारदर्शी व प्रतिस्पर्धी ई नीलामी व्यवस्था से रेकार्ड राशि प्राप्त होने लगी है। खान व गोपालन मंत्री श्री प्रमोद जैन भाया ने चारों ब्लॉकों की सफल नीलामी के लिए बधाई दी और बताया कि यह सब प्रदेश की ई खनिज ब्लॉकों की पारदर्शी नीलामी व्यवस्था से संभव हो पाया है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में लगातार नीलामी प्रक्रिया जारी है। पिछले दिनों बंशीपहाड़पुर में भी कई गुणा अधिक राशि में नीलामी हुई है।एसीएस डॉ. अग्रवाल ने बताया कि 24 से 28 जनवरी के दौरान झुन्झुनू और नागौर की एक एक कुल चार लाईमस्टोन ब्लाकों का भारत सरकार के ई पोर्टल पर ऑक्सन किया गया। झुन्झुनू के परसराम गोथरा ईस्ट ब्लॉक में रिजर्व प्राइस 51.50 प्रतिशत के विरुद्ध 192.05 प्रतिशत की बोली डालमिया सीमेंट ने लगाई है। उन्होंने बताया कि 460.40 हैक्टेयर क्षेत्रफल के इस ब्लॉक में 158.39 मिलियन टन खनिज भण्डार की संभावना है। इससे प्रदेष को 50 साल में 13243.78 करोड़ रुपए का अतिरिक्त राजस्व प्राप्त होगा वहीं इस अवधि में रॉयल्टी,डीएमएफटी, एनएमटी के रुप में 1419.07 करोड़ का राजस्व भी प्राप्त होगा। देश में लाईमस्टोन की यह अब तक की सर्वाधिक नीलामी बोली है।