जयपुर में बुधवार को मालवीय नगर विधानसभा क्षेत्र के एक नाले में करीब 15 सुअर मृत मिले। जिसके बाद क्षेत्र में तरह-तरह की अफवाहें उड़ने लगी। कुछ लोगों ने सुअरों की मौत लंपी वायरस से होने की आशंका जताई। पशु चिकित्सकों ने अफ्रीकन स्वाइन फीवर का अंदेशा जताया है। हालांकि, ये जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा।मीडिया रिपोर्टस के अनुसार मामला सामने आने के बाद अधिकारी भी आनन-फानन में मौके पर पहुंचे। ग्रेटर नगर निगम की महापौर, उपमहापौर सहित निगम के अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों से मृत सुअरों को नाले से निकालने के आदेश जारी किए। इसके साथ ही अफ्रीकन स्वाइन फीवर होने की स्थिति में पशु प्रबंधन शाखा को सजग रहने के निर्देश दिए हैं।बता दें कि देश के कई राज्यों में अफ्रीकन स्वाइन फीवर के चलते लगातार सुअरों की मौत हो रही है। ऐसे में कई राज्यों के प्रशासन ने इसे गंभीरता से लेते हुए प्रतिबंधित क्षेत्र घोषित कर दिया है। इस बीमारी की अब तक कोई वैक्सीन उपलब्ध नहीं है। हरियाणा में अफ्रीकन स्वाइन फीवर से सुअरों की मौत हुई। जिसके बाद अन्य स्थानों पर भी तेजी से बीमारी फैल रही है।