जैसलमेर। राजस्थान के जैसलमेर में यात्री बस में करंट उतर आया। हादसे में 3 लोगों की मौत की खबर है। वहीं, 5 लोग घायल बताए जा रहे हैं। पोलजी डेयरी के पास ये हादसा हुआ है। यात्री तेमबड़े राय मंदिर से दर्शन करके लौट रहे थे, तभी ये हादसा हुआ। एसपी ने 3 लोगों के मरने और 5 के घायल होने की पुष्टि की है। इनमें से 2 की हालत गंभीर है। घायलों को इलाज के लिए  अस्पताल में भर्ती कराया गया है। गंभीर यात्रियों को जोधपुर रेफर किया गया है। बताया जा रहा है कि हादसे में मरने वाले दो लोग राणाराम मेघवाल और नारायणराम मेघवाल सगे भाई थे। दोनों खिंया गांव के रहने वाले थे। इनके अलावा मरने वाले तीसरे शख्स का नाम पदमाराम मेघवाल है।
  हादसे पर मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने ट्वीट कर कहा कि जैसलमेर में बस में करंट से तीन लोगों की मृत्यु अत्यंत दुखद है, शोकाकुल परिजनों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं, ईश्वर उन्हें इस कठिन समय में संबल प्रदान करें एवं दिवंगतों की आत्मा को शान्ति प्रदान करें। दुर्घटना में घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना है। इससे मिलता जुलता एक केस 17 जनवरी 2021 को राजस्थान के जालौर जिले में सामने आया था। यहां महेशपुरा गांव में यात्रियों से भरी एक बस बिजली के तार की चपेट में आ गई थी। बस में करंट दौड़ने से सवार यात्रियों में से करीब दो दर्जन यात्री झुलस गए थे, जिनमें से करीब 6 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी। 6 गंभीर घायलों को जोधपुर रेफर किया गया था। बस रास्ता भटक कर गांव के बीच आ गई थी। महेशपुरा के निवासी घनश्याम सिंह ने बताया था कि यात्रियों से भरी यह बस मांडोली से ब्यावर के लिए निकली थी। रात में रास्ता भटक गई। रास्ता भटकने की वजह से बस महेशपुरा गांव में घुस गई थी। गांव में 11 केवी की लाइन के बिजली का तार बस से टच हो जाने के कारण उसमें आग लग गई थी।