दौसा। राजस्थान के दौसा जिले के टीटोली टोल प्लाजा पर उस समय जोरदार हाई प्रोफाइल ड्रामा हो गया जब एक महिला टोलकर्मियों पर अभद्र भाषा का प्रयोग करने का आरोप लगाकर वहीं पर बैठ गई। आक्रोशित होकर धरने पर बैठने वाली महिला ने जैसे ही अपना परिचय दिया तो टोलकर्मियों में हड़कंप मच गया। महिला ने अपना नाम तनु यादव बताया। उसने खुद को समाजवादी पार्टी की राष्ट्रीय सचिव बताया। तनु यादव के ससुर का नाम सर्वेश यादव है। सर्वेश यादव वर्तमान में उत्तर प्रदेश में सिरसागंज विधानसभा सीट से समाजवादी पार्टी के विधायक हैं।
  दरअसल विधायक के पुत्र और पुत्रवधू की कार पर विधायक का स्टिकर लगा हुआ था। उन्होंने अपनी कार को टोल प्लाजा से पास करने की बात कही। इसको लेकर टोलकर्मियों का उनसे विवाद हो गया। टोलकर्मियों ने विधायक पुत्र पर गाली देने का आरोप लगाया। वहीं विधायक की पुत्रवधू ने टोल कर्मचारियों पर अभद्र भाषा का प्रयोग करने का आरोप लगाया। इसको लेकर दोनों पक्षों में तकरार बढ़ गई। इससे गुस्सायी विधायक की पुत्रवधू तनु यादव ने वहीं पर धरना शुरू कर दिया। वे करीब आधे घंटे तक टिटोली टोल प्लाजा पर ही धरने पर बैठी रही। घटना की जानकारी मिलने के बाद नांगल राजावतान थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले में समझाइस की। करीब आधा घंटे की समझाइस के बाद मामला शांत हुआ और विधायक के पुत्र व पुत्रवधू वहां से रवाना हुये।
  इस दौरान वहां काफी भीड़ भी एकत्र हो गई। तनु यादव का परिचय सामने आने के बाद हालांकि टोलकर्मी कुछ नरम पड़ गये थे। तब तक तनु यादव का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच चुका था। उन्होंने धरना देकर टोलकर्मियों की सांसें फूला दीं। पुलिस के आने के बाद उसे भी दोनों पक्षों को समझाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। उल्लेखनीय है कि टोल नाकों पर अक्सर इस तरह की घटनायें सामने आती रहती हैं। पूर्व में भी कई नेताओं के परिजनों और अधिकारियों की टोलकर्मियों से कहासुनी हो चुकी है। कई बार तो नौबत मारपीट तक आ चुकी है। हर बार हाई प्रोफाइल हंगामा होने के कारण पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ती है।